दिल्ली सरकार 27 साल बाद पेश करेगी Budget, खीर के साथ हुई मीठी शुरुआत

Summary :

खीर समारोह के साथ दिल्ली सरकार का ऐतिहासिक बजट सत्र

दिल्ली में एक अनोखे और मीठे अंदाज में बजट सत्र की शुरुआत हुई। सोमवार को मंत्री प्रवेश वर्मा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को हाथ से खीर खिलाई। वहीं मुख्यमंत्री ने प्रवेश वर्मा और कैबिनेट के अन्य सदस्यों को खीर परोसकर इस खास मौके को यादगार बनाया। यह पहल दिल्ली सरकार के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत मानी जा रही है, क्योंकि 27 साल बाद दिल्ली सरकार अपना बजट पेश करने जा रही है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस मौके पर कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार को यह मौका मिला है। हमने जनता से मिले हजारों सुझावों को इस बजट में शामिल करने की कोशिश की है।”

Delhi Assembly का बजट सत्र आज से होगा शुरू, AAP उठाएगी जनहित के मुद्दे

उन्होंने बताया कि दिल्ली की जनता ने व्हाट्सएप और अन्य माध्यमों से करीब 3500 ईमेल और 6000 संदेश भेजकर अपने विचार साझा किए। सीएम ने इसे ‘डबल इंजन सरकार’ का बजट करार देते हुए कहा कि दिल्ली सरकार अब केंद्र के साथ मिलकर काम करेगी।

बजट सत्र के पहले दिन विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। वकील, छात्र, महिलाएं, सिख समुदाय और ऑटो ड्राइवर जैसे तमाम लोग खीर खाते नजर आए। सीएम ने इसे दिल्ली की आम जनता का बजट बताया और कहा कि यह विकसित दिल्ली के सपने की शुरुआत है। उन्होंने अपनी पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और इस मौके को ऐतिहासिक करार दिया।

रेखा गुप्ता ने भगवान श्री राम के 14 साल बाद वनवास से लौटने की तुलना इस घटना से की। उन्होंने कहा, “27 साल बाद हम पहली बार खीर समारोह के साथ बजट पेश कर रहे हैं। आज मैंने सभी वर्गों के लोगों को बुलाया ताकि यह बजट सबकी भागीदारी से बने। इस बजट को लेकर दिल्लीवासियों में उत्साह देखा जा रहा है। यह बजट दिल्ली के विकास के लिए एक नई दिशा तय करने का वादा करता है। केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से तैयार इस बजट से लोगों को बड़ी उम्मीदें हैं।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.