CAG पर चर्चा जारी रहेगी, उपराज्यपाल को सौंपेंगे धन्यवाद प्रस्ताव: अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता

Summary :

सदन में स्वस्थ लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए चर्चा आवश्यक: विजेंद्र गुप्ता

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि कैग पर 3 मार्च को भी चर्चा जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि वह सोमवार सुबह 10 बजे उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना से मिलेंगे और उन्हें उनके अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव सौंपेंगे।

विजेंद्र गुप्ता ने कहा, “हमारा प्रयास है कि सदन कानून के अनुसार चले तथा सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी सदस्य चर्चा में भाग लें। हम सभी को चर्चा में भाग लेने के लिए आमंत्रित करते हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा में अभिभाषण के दौरान सत्ता और विपक्ष के सदस्यों ने भाग लिया और इस प्रकार से सदन में एक नया उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ। यह क्षण इस नए सत्र में महत्वपूर्ण है क्योंकि अभिभाषण को बाधित करने के कुछ प्रयास किए गए थे, लेकिन सभी सदस्यों ने इससे बचकर एक सशक्त और व्यवस्थित तरीके से इस पर चर्चा की।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि यदि कोई दल चर्चा से भाग रहा है, तो यह एक दुर्भाग्यपूर्ण बात है, क्योंकि चर्चा ही एक स्वस्थ लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा है। उनका मानना है कि वाद-विवाद से निकलने वाले निष्कर्ष दिल्ली के नागरिकों के लिए लाभकारी होंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि सदन में शोर-गुल नहीं, बल्कि रचनात्मक चर्चा होनी चाहिए ताकि इससे कुछ सार्थक परिणाम निकाले जा सकें।

इससे पहले, दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने भी कहा कि सोमवार को विधानसभा में स्वास्थ्य से संबंधित रिपोर्ट पेश की जाएगी और दिल्ली से जुड़े मुद्दों पर सदन में चर्चा होगी। उन्होंने रविवार को समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) इसलिए हंगामा कर रही है, क्योंकि उसके कारनामे उजागर हो रहे हैं। सरकार में रहते हुए उन्होंने जमकर घोटाले किए, जिस पर अब खुलासे हो रहे हैं, इससे आप घबरा गई है। कपिल मिश्रा ने कहा कि किसी भी रिपोर्ट पर हंगामा करना, विपक्ष की आदत हो गई है। सोमवार को सदन में कैग की रिपोर्ट पर चर्चा होगी। हेल्थ सेक्टर में बहुत ज्यादा गड़बड़ियां की गई हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.