अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ टिप्पणियों पर एलन मस्क ने जताया अफसोस

Summary :

मस्क ने अपनी गलती पर खेद जता दिया

टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ दिए गए अपने बयानों पर खेद जताया है। मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि उन्हें अपने कुछ बयानों पर पछतावा है। मस्क और ट्रंप के बीच हालिया दिनों में बयानबाजी और विवाद बढ़ गया था, जिसके बाद मस्क ने अपनी गलती स्वीकार की।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर हाल में दिए गए अपने बयानों पर टेस्ला के सीईओ और अरबपति एलन मस्क ने खेद जताया है। मस्क ने यह जानकारी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पोस्ट के जरिए दीं। मस्क और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हाल के दिनों में रिश्ते काफी अच्छे नहीं थे। दोनों एक दूसरे के खिलाफ जमकर बयानबाजी कर रहे थे। आखिरकार, मस्क ने अपनी गलती पर खेद जता दिया। मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में लिखा, “मुझे पिछले सप्ताह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बारे में अपनी कुछ पोस्ट पर पछतावा है। जो कुछ हुआ वह बहुत ज्यादा हो गया था। दरअसल, मस्क और ट्रंप के बीच विवाद तब बढ़ गया था जब मस्क ने डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (डीओजीई) चीफ पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद मस्क ने ट्रंप के खर्च और टैक्स कटौती वाले विधेयक की कड़ी आलोचना की थी।

इतना ही नहीं, मस्क ने एक्स पर ट्रंप के इंपीचमेंट (महाभियोग) के समर्थन में पोस्ट किया था, हालांकि उसे बाद में डिलीट कर दिया। बात इतनी बढ़ी कि मस्क ने ट्रंप के जेफरी एपस्टीन से पुराने संबंधों का भी जिक्र किया, जिसे ट्रंप ने पुराना और झूठा मुद्दा बताया। बाद में इस पोस्ट को भी डिलीट कर दिया गया।

एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक को भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सर्विसेज शुरू करने के लिए मिला लाइसेंस

तल्खी इस कदर बढ़ गई थी कि मस्क ने ये तक कह दिया था कि- मेरे बिना, ट्रंप चुनाव हार जाते। मस्क के बयानों पर राष्ट्रपति ट्रंप ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने मस्क की कंपनियों को दी गई सब्सिडी और सरकारी अनुबंधों को रद्द करने की धमकी दे डाली थी। ट्रंप ने कहा था कि मस्क और मेरे बीच बहुत अच्छे संबंध थे। मुझे नहीं पता कि आगे भी हमारे संबंध अच्छे रहेंगे या नहीं। मैं एलन मस्क से बहुत निराश हूं। मैंने एलन की बहुत मदद की है।

बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप से माफी मांगने से पहले सात जून को मस्क ने संकेत दिया था कि वह एक नई राजनीतिक पार्टी बना सकते हैं। जिसका नाम ‘द अमेरिका पार्टी’ हो सकता है। मस्क राष्ट्रपति ट्रंप की कैबिनेट बैठकों में शामिल हो चुके हैं और राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह में भी मौजूद थे। उन्हें सरकारी दक्षता विभाग विभाग का प्रमुख भी नियुक्त किया गया था और और उन्होंने ट्रंप के लिए सक्रिय रूप से प्रचार भी किया था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.