Emirates Flights Suspended: दुनिया की प्रमुख एयरलाइनों में से एक एमिरेट्स एयरलाइंस ने शनिवार को घोषणा की कि दुबई से आने और दुबई से जाने वाली सभी उड़ानों को अगले आदेश तक अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि जब तक परिचालन सामान्य नहीं हो जाता, तब तक वे हवाई अड्डे की यात्रा करने से बचें। एयरलाइन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने बयान में कहा कि जैसे-जैसे स्थिति स्पष्ट होगी, यात्रियों को आगे की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
Emirates Flights Suspended:यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण

एमिरेट्स एयरलाइंस ने अपने बयान में कहा कि यात्रियों और एयरलाइन के क्रू मेंबर्स की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। कंपनी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। एयरलाइन ने यह भी कहा कि मौजूदा परिस्थितियों के कारण उड़ानों में जो भी व्यवधान आया है, उसके लिए यात्रियों से सहयोग और समझ की अपेक्षा की गई है। साथ ही कंपनी ने इस मुश्किल समय में धैर्य और सहयोग दिखाने के लिए अपने ग्राहकों का धन्यवाद भी किया।
Emirates Rebooking Options: यात्रियों के लिए अन्य विकल्प
एमिरेट्स ने उन यात्रियों के लिए विशेष यात्रा ऑप्शनस की घोषणा की है, जिनकी बुकिंग प्रभावित हुई है। एयरलाइन के अनुसार, 28 फरवरी से 31 मार्च के बीच जिन यात्रियों ने टिकट बुक कराए हैं, उन्हें अपनी यात्रा को लेकर कई तरह के विकल्प सुझाएं हैं, ऐसे यात्री अपनी यात्रा की तारीख बदल सकते हैं या किसी अन्य उड़ान में सीट बुक कर सकते हैं। एयरलाइन ने बताया कि यात्री 30 अप्रैल या उससे पहले अपनी पसंद के गंतव्य के लिए वैकल्पिक उड़ान चुन सकते हैं।
ट्रैवल एजेंट से बुकिंग करने वालों के लिए निर्देश
एमिरेट्स ने कहा है कि जिन यात्रियों ने अपनी टिकट किसी ट्रैवल एजेंट के माध्यम से बुक कराई है, उन्हें किसी भी बदलाव या जानकारी के लिए सीधे अपने एजेंट से संपर्क करना चाहिए। वहीं जिन लोगों ने टिकट सीधे एमिरेट्स एयरलाइंस की वेबसाइट या अन्य आधिकारिक माध्यम से बुक की है, वे एयरलाइन के कस्टमर सपोर्ट या सहायता चैनलों के जरिए मदद ले सकते हैं।
Emirates Flight Refunds: रिफंड की सुविधा भी उपलब्ध

एयरलाइन ने यात्रियों को रिफंड का विकल्प भी दिया है। यदि किसी यात्री ने टिकट सीधे एमिरेट्स के माध्यम से बुक की है और वह यात्रा नहीं करना चाहता, तो वह एयरलाइन की वेबसाइट पर उपलब्ध रिफंड फॉर्म भरकर अपना पैसा वापस पाने के लिए आवेदन कर सकता है। दूसरी ओर, जिन यात्रियों ने ट्रैवल एजेंट के जरिए टिकट खरीदी है, उन्हें रिफंड प्रक्रिया के लिए अपने एजेंट से ही संपर्क करना होगा।
City Check in Center Suspended: सिटी चेक-इन सेवाएं भी बंद
एमिरेट्स एयरलाइंस ने यह भी जानकारी दी है कि दुबई में मौजूद सभी सिटी चेक-इन सेंटर फिलहाल अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं। ये सेवाएं अगले आदेश तक उपलब्ध नहीं होंगी। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी बुकिंग प्रोफाइल में अपना मोबाइल नंबर और ईमेल जैसी संपर्क जानकारी अपडेट रखें। इससे एयरलाइन द्वारा जारी की जाने वाली नई सूचनाएं उन्हें समय पर मिल सकेंगी।
स्थिति पर लगातार नजर
एयरलाइन ने कहा है कि जैसे-जैसे हालात बदलेंगे, वैसे-वैसे आधिकारिक माध्यमों के जरिए यात्रियों को अपडेट दी जाएगी। एमिरेट्स ने यात्रियों से अपील की है कि वे ताजा जानकारी के लिए एयरलाइन की वेबसाइट और आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों पर नजर बनाए रखें। कंपनी का कहना है कि स्थिति सामान्य होते ही उड़ान सेवाओं को फिर से शुरू करने के बारे में जानकारी साझा की जाएगी।
यह भी पढ़ें: दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट बंद, सभी उड़ानों पर लगी रोक, ईरान की मिसाइल का गिरा था मलबा


Download Android App
Download iOS App




