मथुरा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, चार बदमाश गिरफ्तार

Summary :

मथुरा में पुलिस मुठभेड़, बदमाशों के पैर में गोली लगने से घायल

उत्तर प्रदेश के मथुरा के थाना महावन क्षेत्र में पुलिस ने बदमाशों से मुठभेड़ के दौरान चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में बदमाशों के पैरों में गोली लगने से वे घायल हो गए। घायल बदमाशों के नाम सुमित, मोहित, तुलसी और सोनू हैं।  पुलिस ने बदमाशों से एक मोटरसाइकिल, मोबाइल और 4 तमंचे के कारतूस भी बरामद किए। जानकारी के मुताबिक, इन बदमाशों ने हाल ही में एक मोबाइल कंपनी के कर्मचारी से लूट की घटना को अंजाम दिया था।

मुठभेड़ के बाद सभी घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। एसपी देहात त्रिगुण विसेन ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थाना महावन क्षेत्र में एक व्यक्ति से उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल लूटने की घटना हुई थी। पुलिस टीम इस मामले को हल करने की लगातार कोशिश कर रही थी। उन्होंने आगे बताया कि इसी संदर्भ में आज पुलिस को जानकारी मिली कि कुछ बदमाश रुद्र रिसॉर्ट के पास स्थित चिंताखंड मंदिर के पास इकट्ठा हो रहे हैं। पुलिस टीम और स्वाट टीम ने वहां चेकिंग अभियान चलाया। तभी दो मोटरसाइकिलों पर चार बदमाश वहां पहुंचे। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर गोली चला दी।

 उन्होंने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें चारों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। पूछताछ में यह पता चला कि 15 फरवरी को इन्हीं बदमाशों ने मोबाइल कंपनी के एक कर्मचारी से लूट की थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने लूटी हुई मोटरसाइकिल और मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं। घायल बदमाशों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, और पुलिस ने उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

 मीडिया रिपोर्ट में बताया गया था कि यह मुठभेड़ शामली के झिंझाना क्षेत्र में हुई थी। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में मुस्तफा कग्गा गैंग के सदस्य अरशद और उसके तीन साथी मनजीत, सतीश व एक अज्ञात गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालांकि, बाद में सभी की मौत हो गई थी। अरशद सहारनपुर के थाना बेहट से लूट के एक मामले में वांछित था।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.