G-7 ने पहलगाम हमले की निंदा की, दोनो देशों से संयम बरतने की अपील

Summary :

भारत-पाक सीमा पर ड्रोन गतिविधियों पर G-7 की चिंता

जी-7 देशों ने पहलगाम हमले की कड़ी निंदा करते हुए भारत और पाकिस्तान से संयम बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने दोनों देशों से सीधी वार्ता करने की अपील की और सैन्य कार्रवाई को क्षेत्रीय स्थिरता के लिए खतरा बताया। जी-7 ने नागरिकों की सुरक्षा पर चिंता जताई और तनाव कम करने के लिए राजनयिक समाधान का समर्थन किया।

जी-7 देशों ने शुक्रवार को भारत और पाकिस्तान से अधिकतम संयम बरतने का आग्रह किया है और दोनों परमाणु संपन्न एशियाई पड़ोसियों से सीधे वार्ता करने का आह्वान किया। एक बयान में, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों ने पहलगाम हमले की निंदा करते हुए परमाणु संपन्न दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की।जी-7 के बयान में कहा गया है, “हम, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका के जी-7 विदेश मंत्री और यूरोपीय संघ के उच्च प्रतिनिधि, 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं और भारत और पाकिस्तान दोनों से अधिकतम संयम बरतने का आग्रह करते हैं। सैन्य कार्रवाई को नुकसानदेह बताते हुए आगे लिखा है- सैन्य कार्रवाई में वृद्धि क्षेत्रीय स्थिरता के लिए एक गंभीर खतरा है। हम दोनों पक्षों के नागरिकों की सुरक्षा के लिए बहुत चिंतित हैं। हम तत्काल तनाव कम करने का आह्वान करते हैं और दोनों देशों को शांतिपूर्ण परिणाम के लिए सीधी बातचीत में शामिल होने की अपील करते हैं। हम घटनाओं पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और एक त्वरित और स्थायी राजनयिक समाधान के लिए अपना समर्थन व्यक्त करते हैं।

पाकिस्तान पर भारत की जवाबी कार्रवाई, PAK के चार Airbase तबाह

22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान स्थित 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने के लिए ऑपरेशन सिंदूर चलाया। भारत ने इसे संयमित और गैर उकसाए वाली एयर स्ट्राइक बताया था। इसके बाद से ही पाकिस्तान ने भारत को नुकसान पहुंचाने के लिए बॉर्डर से जुड़े स्थलों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमले की कोशिश जारी रखी है, जिसे भारत नाकाम कर रहा है।

इस बीच रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को एक प्रेस बयान में कहा कि पाकिस्तान के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर 26 स्थानों पर ड्रोन देखे गए हैं, जिनमें संदिग्ध सशस्त्र ड्रोन भी शामिल हैं। प्रेस बयान में कहा गया कि इन स्थानों में बारामुल्ला, श्रीनगर, अवंतीपोरा, नगरोटा, जम्मू, फिरोजपुर, पठानकोट, फाजिल्का, लालगढ़ जट्टा, जैसलमेर, बाड़मेर, भुज, कुआरबेट और लाखी नाला शामिल हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.