Ghaziabad: Rajbagh मेट्रो स्टेशन के पास ट्रकों में लगी भीषण आग, दमकल ने पाया काबू

Summary :

सैफुल बंगाली पार्किंग में खड़े ट्रकों में लगी आग

गाजियाबाद में गुरुवार दोपहर 1:04 बजे फायर स्टेशन साहिबाबाद के कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि राजबाग मेट्रो स्टेशन के पास स्थित सैफुल बंगाली पार्किंग में खड़े ट्रकों में आग लग गई है। यह सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम एक फायर टेंडर के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचते ही देखा गया कि पार्किंग में खड़े ट्रकों में भीषण आग लगी हुई थी और वहां करीब 35 से 40 ट्रक खड़े थे। आग की भयावहता को देखते हुए सभी ट्रकों को तुरंत पार्किंग से बाहर निकाला गया।

Ghaziabad: प्रॉपर्टी विवाद में बहू ने की क्रिकेट बैट से ससुर की हत्या

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी को सूचित किया गया और अतिरिक्त दमकल वाहनों की मांग की गई। फायर स्टेशन वैशाली, फायर स्टेशन कोतवाली, फायर स्टेशन लोनी तथा टाटा कंपनी से भी फायर टेंडर बुलाए गए। कुछ ही समय में फायर स्टेशन कोतवाली से 3, वैशाली से 4, लोनी से 1 और टाटा कंपनी से 1 फायर टेंडर घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और उनके नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने मकानों की छत पर चढ़कर और चारों ओर से घेरकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

आग इतनी विकराल थी कि ट्रकों में रखे सामानों में लगातार विस्फोट हो रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोकल पुलिस की मदद से आसपास के मकानों को खाली कराया गया। साथ ही, हाइड्रा क्रेन की सहायता से आग को चारों तरफ से घेरकर नियंत्रित करने की कोशिश की गई। आग पर काबू पाने के बाद जब घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तो पाया गया कि सैफुल बंगाली पार्किंग में खड़े चार ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। इन ट्रकों में फाइबर, वायरिंग केबल, बर्तन, ग्रीस ऑयल, खिलौने, कपड़े आदि सामान लदे थे।

वहीं, दो ट्रक खाली खड़े थे और एक लावारिस ट्रक भी पाया गया, जिसकी कोई जानकारी नहीं मिल पाई। दमकल विभाग की मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई के चलते आसपास के मकानों को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ और कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल कर्मियों ने पूरी सूझबूझ और हिम्मत के साथ आग को बुझाया और बड़े हादसे को टालने में सफलता प्राप्त की।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.