Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा दनकौर कोतवाली क्षेत्र के दलेलगढ़ गांव से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां गहरे गड्ढे में भरे पानी में डूबने से तीन साल के मासूम की जान चली गई। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं घटना के बाद से ग्रामीण में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। यह घटना फिर से प्रशासनिक संवेदनहीनता और जवाबदेही की कमी को उजागर करती है।
3 Year Old Boy Drowned in a Pond: खेलते समय बच्चे का पैर फिसला

जानकारी के मुताबिक, दलेलगढ़ गांव निवासी अनिल की बेटी अंजलि अपने 3 वर्ष के बेटे देवांश और बेटी के साथ मायके आई थी। अंजलि का बुलंदशहर के सिकंदराबाद में ससुराल है। रविवार को घर के पास स्थित मंदिर में महाशिवरात्रि के अवसर पर भंडारे का आयोजन चल रहा था। इस आयोजन में परिवार के सभी लोग शामिल होने गए थे। इसी दौरान मासूम देवांश खेलते-खेलते मंदिर के पास बने तालाब के पास पहुंच गया। बताया जा रहा है कि खेलते समय बच्चे का पैर फिसल गया और वह तालाब में डूब गया।
डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया
काफी देर बाद जब बच्चा मां को नजर नहीं आया, तो खोजबीन शुरू की गई। मंदिर में काफी देर तक बच्चे को ढूंढा गया। जब कोई सुराग नहीं मिला, तो लोग ढूंढने के लिए गड्ढ़े के पास चले गए। जब वहां भी वह नहीं दिखा तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई, तुरंत गोताखोरों को बुलाया गया और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया।
प्रशासन खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश

वहीं दलेलगढ़ गांव के ग्रामीणों ने तालाब के पास बाउंड्री न होने पर नाराजगी जताई है। गांव वालों ने कहा कि ये तालाब काफी पुराना है, जिसकी न तो काफी सफाई होती है और न ही प्रशासन की तरफ से कोई बॉउंड्री या देखरेख कराई गई। ग्रामीणों ने कहा कि 4 जनवरी को ही इस गड्ढे में जलभराव की शिकायत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगर समय रहते इसकी घेराबंदी की होती तो इतना बड़ा हादसा शायद नहीं होता। प्रशासन किस लापरवाही से ग्रामीणों में आक्रोश है।
Uttar Pradesh News: घटना पर प्राधिकरण ने क्या कहा?
दनकौर कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची थी। लेकिन परिजनों ने बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। फ़िलहाल परिवार की तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
मंदिर के पास गड्ढे में पानी में डूबने से 3 साल के बच्चे की मौत के बाद प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची। टीम को पता चला कि यह जमीन गांव के ही एक किसान के नाम पर है। यह कोई सरकारी तालाब नहीं है।


Download Android App
Download iOS App




