अक्षय तृतीया पर बांके बिहारी मंदिर में उमड़ेगी भीड़, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Summary :

श्रद्धालुओं की भीड़ के लिए मथुरा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

अक्षय तृतीया के अवसर पर मथुरा के ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में विशेष चरण दर्शन का आयोजन होगा, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। विभिन्न जोन और सेक्टरों में सुरक्षा बल तैनात किया गया है, और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है।

उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में अक्षय तृतीया के अवसर पर बुधवार को विशेष “चरण दर्शन” होंगे। इस दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन ने व्यापक तैयारियां की हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद मोहन बाग में अधिकारियों और मंदिर प्रबंधन के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उल्लेखनीय है कि ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में साल में केवल एक बार अक्षय तृतीया के दिन ठाकुर जी के चरण दर्शन का विशेष अवसर मिलता है। इस बार यह पर्व 30 अप्रैल को मनाया जाएगा, जिसमें देशभर से श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

अलीगढ़ में सांसद रामजीलाल सुमन के काफिले पर करणी सेना का हमला

चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि नगर निगम द्वारा मंदिर क्षेत्र और आसपास की गलियों में सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था तथा पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। बाहर से आने वाले वाहनों के लिए शहर के बाहरी इलाकों में पार्किंग स्थलों का निर्माण कराया गया है, जहां शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी तत्परता से काम कर रहा है।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि शहर को तीन जोन और नौ सेक्टरों में बांटते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सभी बाहरी वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश न देकर, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा। यमुना किनारे और मंदिर परिसर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने स्थानीय निवासियों और मंदिर प्रबंधन से व्यवस्था में सहयोग की अपील की। मंदिर के सहायक प्रबंधक उमेश सारस्वत ने भी एक एडवाइजरी जारी कर श्रद्धालुओं से दर्शन के दौरान नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.