‘अगर हमले नहीं रुके तो हम तेहरान को जला देंगे…’, इजरायल ने ईरान को दे दी चेतावनी

Summary :

इजरायल ने ईरान को दे दी चेतावनी

इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) के अनुसार, इनमें से अधिकांश मिसाइलों को इजरायल की एयर डिफेंस सिस्टम ने रास्ते में ही नष्ट कर दिया, लेकिन लगभग 25% मिसाइलें रोकने में सिस्टम विफल रहा, जिनमें से कुछ रिहायशी इलाकों में गिरीं.

Israel-Iran war: इजरायल और ईरान के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंच चुका है. इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने ईरान को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि यदि ईरान द्वारा मिसाइल हमले जारी रहे, तो इजरायल तेहरान को गंभीर परिणाम भुगतने पर मजबूर करेगा. ईरान ने हाल ही में इजरायली सैन्य, परमाणु और मिसाइल अड्डों को निशाना बनाते हुए करीब 200 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) के अनुसार, इनमें से अधिकांश मिसाइलों को इजरायल की एयर डिफेंस सिस्टम ने रास्ते में ही नष्ट कर दिया, लेकिन लगभग 25% मिसाइलें रोकने में सिस्टम विफल रहा, जिनमें से कुछ रिहायशी इलाकों में गिरीं. इन हमलों से देश के कई शहर जैसे तेल अवीव, रमात गन और रिशोन लेजिओन प्रभावित हुए. रिपोर्ट्स के मुताबिक, तीन नागरिकों की मौत हुई है और करीब 70 लोग घायल हो गए हैं. हालांकि इजरायल की सभी सैन्य और वायुसेना इकाइयां सामान्य रूप से कार्य कर रही हैं.

काट्ज की खामेनेई को खुली धमकी

रक्षा मंत्री काट्ज ने एक उच्च स्तरीय बैठक में कहा, ‘ईरान के तानाशाह अपने नागरिकों को बंधक बनाकर उन्हें युद्ध की आग में झोंक रहे हैं. यदि इजरायलियों पर मिसाइलें गिरती रहीं, तो तेहरान को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी.’ उन्होंने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को सीधे चेताया, “अगर हम पर हमले बंद नहीं हुए, तो हम तेहरान को जला देंगे.”

ड्रोन हमलों को नाकाम किया गया

ईरान ने मिसाइलों के साथ-साथ 100 से अधिक ड्रोन भी इजरायल की ओर भेजे. इनमें से अधिकतर को इजरायली वायुसेना और नौसेना ने मार गिराया. IDF ने बताया कि हमले पूरी तरह योजनाबद्ध थे, लेकिन इजरायल ने उन्हें विफल कर दिया.

Israel-Iran warइजराइली हमले से बढ़ी ईरान की टेंशन, लीक हो रहा परमाणु रेडिएशन! इस दावे ने बढ़ाई हलचल

तेहरान में कार्रवाई का रास्ता साफ

इजरायली वायुसेना प्रमुख टॉमर बार और IDF प्रमुख एयाल जामीर ने कहा कि अब तेहरान में भी इजरायली ऑपरेशन संभव हैं. उन्होंने बताया कि हालिया कार्रवाई में तेहरान के कई एयर डिफेंस सिस्टम को नष्ट कर दिया गया है, जिससे अब इजरायली विमानों को वहां अधिक स्वतंत्रता मिली है.

इजरायली वायुसेना ने एक ही दिन में सैकड़ों लक्ष्यों को निशाना बनाया, जिनमें दर्जनों एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम शामिल थे. यह पहली बार है जब इजरायल के लड़ाकू विमान तेहरान के आसमान में उड़ते हुए वहां के रणनीतिक अड्डों पर हमले कर पाए हैं.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।