Indian LPG Tanker Clears Strait Of Hormuz: खाड़ी देशों में जारी जंग के बीच भारतीय ध्वज वाले एलपीजी ले जाने वाले दो जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर चुके हैं और लगभग 92,700 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर भारत की ओर रवाना हो चुके हैं। जहाजरानी मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि शिवालिक और नंदा देवी नामक जहाज 16 और 17 मार्च को भारत पहुंचने की उम्मीद है।
Indian LPG Tanker Clears Strait Of Hormuz:भारतीय नाविक सुरक्षित
फारस की खाड़ी क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 24 घंटों में उनसे जुड़ी कोई घटना नहीं हुई है। होर्मुज जलडमरूमध्य के पश्चिम में स्थित फारस की खाड़ी में भारतीय ध्वज वाले 24 जहाज मौजूद थे। इनमें से दो जहाज शिवालिक और नंदा देवी भारतीय ध्वज वाले एलपीजी वाहक हैं। ये दोनों जहाज देर रात होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित रूप से गुजर गए और अब भारत की ओर बढ़ रहे हैं। इन जहाजों में लगभग 92,700 मीट्रिक टन एलपीजी भरी हुई है।
आगमन बंदरगाह मुंद्रा और कांडला होंगे
इनके आगमन बंदरगाह मुंद्रा और कांडला होंगे, जहां इनके पहुंचने की अनुमानित 16 और 17 मार्च को पहुंच सकते हैं। इसके परिणामस्वरूप, अब फारस की खाड़ी में भारतीय ध्वज वाले 22 जहाज बचे हैं, जिनमें कुल 611 नाविक सवार हैं। सचिव ने कहा कि भारतीय चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जहाज मालिकों के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।
स्थिति पर बारीकी से नजर
मंत्रालय, विशेष रूप से जहाजरानी महानिदेशालय (डीजी शिपिंग), जहाज मालिकों, आरपीएसएन एजेंसियों और भारतीय राजनयिक मिशनों के समन्वय से इन सभी भारतीय ध्वज वाले जहाजों और उन पर सवार भारतीय नाविकों से संबंधित स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है। इस बीच, भारत में ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि अब्दुल माजिद हकीम इलाही ने दोहराया कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच भारतीय जहाजों को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी जाएगी।



















