Iran पर अब होगा ट्रिपल अटैक! अमेरिका-इजरायल के बाद अब इस देश की सेना ने कर ली पूरी तैयारी

Summary :

Iran Azerbaijan conflict: मिडिल ईस्ट और आसपास के क्षेत्रों में पहले से ही तनाव का माहौल बना हुआ है। ऐसे में अब ईरान और अजरबैजान के बीच भी तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। खबरों के मुताबिक, ईरान की ओर से हुए कथित ड्रोन हमले के बाद अजरबैजान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और जवाबी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। अजरबैजान के राष्ट्रपति ने सेना को संभावित जवाबी कदम उठाने के निर्देश भी दे दिए हैं। Iran Azerbaijan conflict: ड्रोन हमले को लेकर बढ़ा विवाद अजरबैजान का आरोप है कि ईरान ने उसके क्षेत्र की ओर कई ड्रोन…

Iran Azerbaijan conflict: मिडिल ईस्ट और आसपास के क्षेत्रों में पहले से ही तनाव का माहौल बना हुआ है। ऐसे में अब ईरान और अजरबैजान के बीच भी तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। खबरों के मुताबिक, ईरान की ओर से हुए कथित ड्रोन हमले के बाद अजरबैजान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और जवाबी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। अजरबैजान के राष्ट्रपति ने सेना को संभावित जवाबी कदम उठाने के निर्देश भी दे दिए हैं।

Iran Azerbaijan conflict: ड्रोन हमले को लेकर बढ़ा विवाद

अजरबैजान का आरोप है कि ईरान ने उसके क्षेत्र की ओर कई ड्रोन भेजे थे। इन ड्रोन में से एक को अजरबैजान की सेना ने समय रहते निष्क्रिय कर दिया, जबकि अन्य ड्रोन नागरिक इलाकों के पास जाकर गिरे। रिपोर्ट के अनुसार, एक ड्रोन स्कूल के पास गिरा, जहां उस समय कक्षाएं चल रही थीं। इस घटना के बाद अजरबैजान में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

अजरबैजान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ईरान की ओर से भेजे गए चार ड्रोन नखचिवान क्षेत्र की दिशा में आए थे। सेना ने इनमें से एक को रोक दिया, लेकिन बाकी ड्रोन ने नागरिक ठिकानों को नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि एक ड्रोन की वजह से हवाई अड्डे की टर्मिनल बिल्डिंग को भी नुकसान हुआ है।

राष्ट्रपति अलीयेव का कड़ा बयान

घटना के बाद अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ईरान पर बिना किसी उकसावे के आक्रामक कार्रवाई करने का आरोप लगाया। राष्ट्रपति अलीयेव ने कहा कि उनका देश इस तरह की कार्रवाई को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं करेगा।

उन्होंने सुरक्षा परिषद की बैठक में कहा कि अजरबैजान के खिलाफ इस तरह के हमले को आतंकवादी और आक्रामक कदम माना जाएगा। राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया कि सेना को पूरी तैयारी के साथ जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि अजरबैजान अपनी ताकत दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार है और किसी भी दुश्मन का सामना करने में सक्षम है।

ईरान से मांगी गई सफाई

इस घटना के बाद अजरबैजान के विदेश मंत्रालय ने भी आधिकारिक बयान जारी किया है। मंत्रालय ने कहा कि ईरान की ओर से दागे गए कई ड्रोन उनके क्षेत्र में गिरे हैं, जिससे नागरिक इलाकों को नुकसान पहुंचा है। विदेश मंत्रालय ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए ईरान से जवाब मांगा है और कहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं होनी चाहिए। इसके साथ ही अजरबैजान में मौजूद ईरान के राजदूत को तलब कर इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दर्ज कराई गई है।

अमेरिका में अजरबैजान के राजदूत का बयान

अमेरिका में अजरबैजान के राजदूत खजार इब्राहिम ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनका देश इस मामले को गंभीरता से देख रहा है और सभी तथ्यों की जांच कर रहा है। राजदूत ने बताया कि सरकार स्थिति का आकलन कर रही है और आगे के कदम सोच-समझकर उठाए जाएंगे। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें भविष्य में और हमलों की आशंका है, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल देश इस मामले की पूरी जानकारी जुटाने और रणनीति बनाने में लगा हुआ है।

ईरान ने आरोपों से किया इनकार

दूसरी तरफ ईरान ने अजरबैजान के आरोपों को खारिज कर दिया है। ईरान के सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ ने कहा कि उनकी ओर से अजरबैजान की दिशा में कोई ड्रोन नहीं भेजा गया है। ईरान का कहना है कि वह युद्ध के दौरान तेल ठिकानों या अन्य नागरिक इलाकों को निशाना बनाने की नीति नहीं अपनाता। हालांकि, पिछले हमलों के दौरान कुछ जगहों पर ड्रोन और मिसाइल गिरने की घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे विवाद और बढ़ गया है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर दोनों देशों के बीच बातचीत से समाधान नहीं निकला, तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।

यह भी पढ़ें: ‘अमेरिका के पास गोला-बारूद की कमी नहीं…’, ईरान को लेकर अमेरिकी रक्षा मंत्री का बयान सुनकर पाकिस्तान भी हैरान

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।