Iran Threats America: मिडिल ईस्ट जारी तनाव के बीच ईरान ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है। ईरान के सैन्य अधिकारी अली जहांशाही ने कहा कि अगर अमेरिका हमला करता है, तो उसके सैनिक पाषाण युग से भी पहले के दौर में भेज दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अपनी रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है और उसकी जमीन दुश्मनों के लिए सुरक्षित नहीं है। इस बयान ने तनाव को और बढ़ा दिया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की ये चेतावनी अमेरिका के दी गई धमकी के जवाब में आई है। जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि हम अगले दो से तीन हफ़्तों में ईरान पर बहुत बड़ा हमला करने जा रहे हैं. हम उन्हें वापस पाषाण युग में पहुँचा देंगे, जो उनकी जगह है।”
Iran Threats America: बगदाद में हाई अलर्ट
इस दौरान ईरान की चेतावनी के बाद इराक की राजधानी बगदाद में स्थित अमेरिकी दूतावास ने खतरे को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया है। आशंका जताई गई है कि ईरान समर्थित समूह अगले 24 से 48 घंटों के भीतर हमला कर सकते हैं। अमेरिकी नागरिकों को तुरंत इराक छोड़ने की सलाह दी गई है, जिससे स्थिति की गंभीरता साफ झलकती है।
इजराइल पर बढ़ते हमले
इजराइल पर भी हमले तेज हो गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ ही घंटों में कई बार मिसाइलें दागी गईं। इजराइल के एयर डिफेंस सिस्टम ने अधिकांश मिसाइलों को रोक लिया, लेकिन कुछ हमले जमीन पर गिरे, जिससे हल्का नुकसान और कुछ लोगों को चोटें आईं। इससे क्षेत्र में डर का माहौल बन गया है।
हिजबुल्लाह और लेबनान की भूमिका
तनाव तब और बढ़ गया जब लेबनान के संगठन हिजबुल्लाह ने भी हमलों की जिम्मेदारी ली। उन्होंने उत्तरी इजराइल पर रॉकेट और ड्रोन से हमला किया। इसके बाद कई इलाकों में सायरन बजने लगे और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। इससे यह संकेत मिलता है कि संघर्ष अब बड़े स्तर पर फैल सकता है।
इस टकराव का असर खाड़ी क्षेत्र में भी देखने को मिला। अबू धाबी में एक मिसाइल को समय रहते हवा में ही नष्ट कर दिया गया। हालांकि कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन यह घटना बताती है कि संघर्ष अब आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण इलाकों तक पहुंच सकता है।
अमेरिका का सख्त रुख
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने साफ कहा है कि आने वाले हफ्तों में ईरान पर दबाव और बढ़ाया जाएगा। उनका कहना है कि अमेरिका पहले ही ईरान की सैन्य क्षमता को काफी हद तक कमजोर कर चुका है। इस बयान से हालात और ज्यादा तनावपूर्ण हो गए हैं।
इस बढ़ते तनाव का असर दुनियाभर के बाजारों पर भी पड़ा है। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है और एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट देखी गई है। खासतौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चिंता बढ़ गई है, क्योंकि यह तेल सप्लाई का अहम रास्ता है।
यमन के हूती भी एक्टिव
यमन के हूती समूह ने भी इजराइल पर मिसाइल हमले का दावा किया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई उनके सहयोगी संगठनों के साथ मिलकर की गई है। इजराइल ने भी इन हमलों की पुष्टि की है और अपनी सुरक्षा प्रणाली को और मजबूत किया है।
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान: खोस्त में पाकिस्तानी हमलों पर भड़के स्थानीय लोग, नागरिक इलाकों को निशाना बनाने का आरोप






















