मिडिल ईस्ट में इजरायल-ईरान संघर्ष ने लिया खतरनाक मोड़, 3 सीनियर ईरानी कमांडर ढेर

Summary :

मिडिल ईस्ट में इजरायल-ईरान संघर्ष ने लिया खतरनाक मोड़

इजरायल ने ईरान की इस्फहान न्यूक्लियर साइट पर बड़ा हमला किया है. यह हमला ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. इस हमले में ईरान की खुफिया एजेंसी के 3 सीनियर अधिकारियों समेत 15 सैनिकों की मौत हो गई है. वहीं इस हमले के बाद से क्षेत्रीय तनाव और भी अधिक बढ़ गया है.

Israel-Iran war: मिडिल ईस्ट में 13 जून को इजरायल और ईरान के बीच शुरू हुई जंग अब और भी भयावह रूप ले चुकी है. दोनों देशों में लगातार हमले हो रहे हैं और भारी तबाही मची हुई है. शहर के शहर खंडहर बनते जा रहे हैं और हजारों लोग विस्थापन का सामना कर रहे हैं. बीते 12 घंटों में इजरायल ने ईरान पर घातक हवाई हमले किए हैं, जिनमें कई अहम सैन्य ठिकाने और शीर्ष अधिकारी निशाना बने हैं.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इजरायल ने ईरान की इस्फहान न्यूक्लियर साइट पर बड़ा हमला किया है. यह हमला ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है. इस हमले में ईरान की खुफिया एजेंसी के 3 सीनियर अधिकारियों समेत 15 सैनिकों की मौत हो गई है. वहीं इस हमले के बाद से क्षेत्रीय तनाव और भी अधिक बढ़ गया है.

बहनाम शाहरियारी का खात्मा

इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने जानकारी दी कि उन्होंने ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) की कुद्स फोर्स की वेपंस ट्रांसफर यूनिट यानी यूनिट 190 के कमांडर बहनाम शाहरियारी को निशाना बनाकर मार गिराया है. शाहरियारी की मौत पश्चिमी ईरान में एक हवाई हमले में हुई, जब वह अपने वाहन में यात्रा कर रहे थे.

बहनाम शाहरियारी पर हिज़्बुल्लाह, हौती और हमास जैसे आतंकी संगठनों तक हथियार पहुँचाने की ज़िम्मेदारी थी. वह सालों से मिसाइल, रॉकेट और अन्य घातक हथियार इन संगठनों को भेजने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे.

सईद इजादी पर इजरायली एयरस्ट्राइक

वहीं इजरायल डिफेंस फोर्स ने आगे बताया कि एक और बड़ी कार्रवाई में इजरायली सेना ने ईरान के शीर्ष सैन्य अधिकारी सईद इजादी को कौम क्षेत्र में मार गिराया. इजादी IRGC की कुद्स फोर्स में एक सीनियर पद पर थे और हमास तथा ईरान सरकार के बीच सैन्य समन्वय के प्रमुख सूत्रधार माने जाते थे. इजरायल ने आरोप लगाया कि इजादी ही हमास को मिलने वाली ईरानी फंडिंग और हथियारों के पीछे मुख्य रणनीतिकार थे.

Israel-Iran war:

अमीनपुर जौदकी की भी मौत

इजरायली वायुसेना ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए IRGC के सेकंड UAV ब्रिगेड के कमांडर अमीनपुर जौदकी को भी निशाना बनाया है. ये अधिकारी ईरान की ड्रोन क्षमताओं को दिशा देने वाले महत्वपूर्ण चेहरों में से एक थे.

इस जंग में अब तक ईरान में 650 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 2000 से ज्यादा लोग घायल हैं. वहीं इजरायल में भी 25 से अधिक नागरिकों और सैनिकों की मौत की पुष्टि की गई है.

पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा, जानें क्या है पूरा मामला

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।