Israel की सेना ने Gaza में अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति की इमारत पर गलती से किया हमला

Summary :

Israel ने रेड क्रॉस की इमारत पर गलती से की गोलीबारी

इजरायली सेना ने स्वीकार किया कि उसने गलत पहचान के कारण गलती से गाजा में अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति (आईसीआरसी) की इमारत पर हमला कर दिया था। सैन्य बयान के अनुसार, दक्षिणी गाजा के राफा शहर में कार्यरत इजरायली सैन्य बलों ने इमारत के अंदर मौजूद ‘संदेहास्पद लोगों की पहचान करने के बाद गोलीबारी की। समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने सैन्य बयान के हवाले से बताया कि बाद में किए गए निरीक्षण से पता चला कि पहचान गलत थी। गोलीबारी के समय सैनिकों को इमारत के आईसीआरसी से संबंध होने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

Gaza में Israel का हवाई हमला, Hamas नेता सलाह अल-बर्दावील और उनकी पत्नी की मौत

इससे पहले सोमवार को आईसीआरसी ने एक बयान में कहा था कि राफा स्थित उसके कार्यालय को ‘विस्फोटक प्रक्षेप्य से क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जबकि उसे स्पष्ट रूप से चिह्नित किया गया था और सभी पक्षों को इसकी सूचना दी गई थी।

आईसीआरसी ने कहा कि सौभाग्य से, इस घटना में कोई भी कर्मचारी घायल नहीं हुआ, लेकिन इसका सीधा असर आईसीआरसी की संचालन क्षमता पर पड़ा है। आईसीआरसी अपने परिसर पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता है। आईसीआरसी राफा में एक फील्ड अस्पताल और फिलिस्तीनी एन्क्लेव में अन्य सुविधाएं चलाता है, जहां इजरायली हमलों से बड़े पैमाने पर हताहत हुए लोगों का इलाज किया जाता है।

बयान में आईसीआरसी ने यह भी कहा कि रविवार को फिलिस्तीन रेड क्रिसेंट सोसाइटी के आपातकालीन चिकित्सा तकनीशियनों से उसका संपर्क टूट गया, तथा पिछले सप्ताह गाजा में मानवीय कार्यकर्ता मारे गए और घायल हुए।

इजरायल ने मंगलवार को हमास के साथ दो महीने का युद्धविराम समाप्त करते हुए फिलिस्तीनी क्षेत्र में हवाई और जमीनी हमले फिर से शुरू कर दिए, जिसमें अब तक 730 से ज़्यादा फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं। जवाब में हमास ने भी इजरायली क्षेत्र को निशाना बनाकर कई रॉकेट दागे, जिनमें से ज़्यादातर को इजरायल ने रोक दिया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.