Jabalpur Bargi Dam Cruise Accident: मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्थित बरगी बांध में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पर्यटकों को घुमाने निकला एक क्रूज अचानक पानी में डूब गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय क्रूज में करीब 35 से 40 लोग सवार थे। हादसे के बाद लोगों की चीख-पुकार से माहौल दहशत भरा हो गया।
जानकारी के मुताबिक, यह क्रूज पर्यटकों को बरगी बांध में सैर करा रहा था। सब कुछ सामान्य चल रहा था, तभी अचानक क्रूज असंतुलित होने लगा और कुछ ही देर में पानी में समाने लगा। हादसा इतना अचानक हुआ कि यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।
Jabalpur Bargi Dam Cruise Accident: रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, अब तक 15 लोगों को बचाया गया
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। CSP अंजुल अयक मिश्रा अपने दल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। हालात की गंभीरता को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमों को भी बुलाया गया। दोनों एजेंसियों ने मिलकर तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अब तक की जानकारी के अनुसार, इस हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं 15 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
प्रशासन अलर्ट, मौके पर अधिकारी मौजूद
घटना के बाद जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और बचाव कार्य में किसी तरह की कमी न रहे, इसके लिए सभी जरूरी संसाधन जुटाए जा रहे हैं। गोताखोरों की मदद से लापता लोगों को ढूंढने की कोशिश जारी है। हादसे के बाद स्थानीय लोग भी मदद के लिए आगे आए। कई लोगों ने अपनी नावों के जरिए बचाव कार्य में सहयोग किया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। शुरुआती समय में इन्हीं लोगों की सतर्कता से कई जिंदगियां बचाई जा सकीं।
हादसे के कारणों की जांच
फिलहाल इस हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्रूज में कोई तकनीकी खराबी थी या फिर ओवरलोडिंग जैसी कोई वजह सामने आएगी। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं लापता लोगों के परिवार चिंता में डूबे हुए हैं। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जल्द से जल्द सभी को ढूंढने की कोशिश की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े करता है और यह सोचने पर मजबूर करता है कि पर्यटन गतिविधियों में सुरक्षा मानकों का कितना ध्यान रखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें: खुशियों के बीच पसरा मातम! मुरैना से उज्जैन जा रही बस अचानक पलटी, दूल्हे समेत 3 की मौत, 19 लोग घायल























