Kathmandu Turkish Airlines Plane Fire: नेपाल की राजधानी काठमांडू के Tribhuvan International Airport से सोमवार सुबह एक चौंकाने वाला मामला सामने आया, जिसने लोगों के बीच अफरा-तफरी मचा दी। दरअसल, इस्तांबुल से आ रही टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट लैंडिंग के दौरान आग की चपेट में आ गई। विमान के पहियों से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिससे एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में डर का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग और रेस्क्यू टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट TK726 इस्तांबुल से काठमांडू पहुंची थी। सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे जैसे ही विमान रनवे पर उतरा, उसके पहियों में अचानक आग लग गई। विमान से धुआं उठता देख एयरपोर्ट प्रशासन तुरंत सतर्क हो गया और इमरजेंसी अलर्ट जारी कर दिया गया। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण की रेस्क्यू टीम और दमकल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। तेजी से कार्रवाई करते हुए आग को नियंत्रित कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
Kathmandu Turkish Airlines Plane Fire: इमरजेंसी गेट खोलकर यात्रियों को निकाला गया

विमान में चार बच्चों सहित कुल 277 यात्री सवार थे। इसके अलावा चालक दल के 11 सदस्य भी मौजूद थे। हादसे के बाद तुरंत विमान के इमरजेंसी दरवाजे खोले गए और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू के दौरान कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि विमान में कुछ कार्गो सामान और शव भी रखे गए थे, जिन्हें बाद में सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने कहा कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और स्थिति नियंत्रण में है।
Kathmandu Airport Fire News: सुरक्षा अधिकारियों ने क्या कहा?

एयरपोर्ट सुरक्षा विभाग के एसपी राजकुमार सिलावल ने बताया कि विमान इस्तांबुल से काठमांडू आ रहा था। लैंडिंग के दौरान उसके टायर में आग लग गई थी। दमकल टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझा दी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता थी और सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक, विमान में संयुक्त राष्ट्र से जुड़े कुछ अधिकारी भी यात्रा कर रहे थे।
Turkish Airlines Plane Catches Fire: रनवे बंद होने से उड़ानों पर असर
घटना के बाद विमान को तुरंत रनवे से नहीं हटाया जा सका, जिसकी वजह से एयरपोर्ट का संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। बड़े विमानों की आवाजाही रोक दी गई, जिससे कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को हवा में इंतजार करना पड़ा। दिल्ली से काठमांडू जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI 215 की लैंडिंग में देरी हुई। वहीं शारजाह से आने वाली एयर अरेबिया की फ्लाइट G9 536 भी लंबे समय तक आसमान में चक्कर लगाती रही। इसके अलावा दुबई, भूटान, कुआलालंपुर और ग्वांगझाओ से आने वाली कई फ्लाइट्स भी प्रभावित हुईं। एयर ट्रैफिक कंट्रोल लगातार पायलटों से संपर्क बनाए रखे हुए था ताकि किसी दूसरी आपात स्थिति से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें:


Download Android App
Download iOS App




