कुणाल घोष का आरोप, फर्जी वोटरों से भाजपा जीतना चाहती है बंगाल चुनाव

Summary :

TMC नेता का आरोप: बंगाल में फर्जी वोटरों से षड्यंत्र रच रही भाजपा

टीएमसी नेता कुणाल घोष ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव जीतने के लिए वह षड्यंत्र रच रही है।

टीएमसी नेता ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा यहां के मतदाताओं के दम पर चुनाव नहीं जीत सकती है। इसलिए वोटर लिस्ट में फर्जी वोटर जोड़े जा रहे हैं। महाराष्ट्र और दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान विपक्षी पार्टियों ने फर्जी वोटरों का मुद्दा उठाया था। महाराष्ट्र और दिल्ली चुनाव में भाजपा को जीत मिलने के बाद भाजपा का अगला टारगेट बंगाल है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को मतदाता सूची में नाम दाखिल करवाना है तो इसके लिए फिजिकल वेरिफिकेशन का नियम है। लेकिन, यह काम तो ऑनलाइन ही कर लिया जा रहा है। चुनाव आयोग और केंद्रीय एजेंसी भाजपा की मदद कर रही है।

कुणाल घोष ने कहा चंपाहाटी में पंचायत में वोटर लिस्ट को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इसमें कहा जा रहा है कि कैसे इतनी अध‍िक तादाद में वोटर बढ़ गए। भाजपा हम पर आरोप लगा रही है। लेकिन मैं उन्हें कहना चाहता हूं कि हमारी सरकार ने इस फर्जीवाड़ा को पकड़ा है। ममता सरकार ने इसे मॉनिटर किया।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हम लोगों को निर्देश दिया है कि हम लोग पूरी मुस्तैदी के साथ इन मामलों पर नजर बनाए रखें।

मिदनापुर मेडिकल कॉलेज में एक्सपायर हो चुके सलाइन मामले पर टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा, “मिदनापुर मेडिकल कॉलेज में जो कुछ हुआ, वह पूरी तरह से झूठ साबित हुआ है। सलाइन में कुछ भी गड़बड़ नहीं था। इसकी जांच की गई है और जांच से पुष्टि हुई है कि इसमें कुछ भी गड़बड़ नहीं था। जहां तक ​​मेडिसिन विभाग के मुद्दे का सवाल है, केंद्र सरकार को इस बात पर भी नजर रखनी चाहिए कि वह किसे अनुमति दे रही है।

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत-पाकिस्तान के मुकाबले पर उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि दोनों टीम के बीच अच्छा मैच हो। अंत में भारत की जीत हो। मैं क्रिकेट प्रेमी हूं और चाहता हूं कि पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत सुनिश्चित हो।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.