Lucknow News: सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के बंगला बाज़ार में ‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ अभियान का भव्य शुभारंभ बड़े उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध अभिनेता संजय दत्त शामिल हुए। उनके आगमन पर हजारों लोगों ने जोरदार स्वागत किया। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के साथ उन्होंने लगभग एक किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इस रोड शो में 20 हजार से अधिक लोग शामिल हुए, जिनमें युवा, छात्र, सामाजिक संगठन और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और युवा सशक्तिकरण उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण विषय हैं। उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर उनके लिए परिवार जैसा है और वे इसे एक आदर्श विधानसभा बनाना चाहते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों का आभार जताते हुए कहा कि जनता के सहयोग से ही यह अभियान सफल होगा और जनआंदोलन का रूप लेगा।
Lucknow News: युवाओं को संजय दत्त का खास संदेश

इस अवसर पर संजय दत्त ने अपने अंदाज में युवाओं को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में तीन काम जरूर करने चाहिए—एक पेड़ लगाना, पानी बचाना और वोट डालना। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि असली हीरो वही होता है जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करता है। उन्होंने विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की तारीफ करते हुए उन्हें समाज का सच्चा नायक बताया।
‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ अभियान के प्रमुख आयाम

कार्यक्रम में ‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ अभियान को औपचारिक रूप से शुरू किया गया। इस पहल के तहत छह प्रमुख क्षेत्रों पर काम किया जाएगा:
- स्कूल और कॉलेज
- सोसाइटी और आरडब्ल्यूए
- टाउनशिप
- उद्योग क्षेत्र
- गांव और सरोवर
- नई नीतियों के सुझाव और उनका क्रियान्वयन
इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से मजबूत बनाना है, ताकि कार्बन उत्सर्जन कम किया जा सके और स्वच्छ वातावरण तैयार हो।
राजलक्ष्मी सिंह का प्रभावशाली संबोधन

कार्यक्रम में विधायक की 17 वर्षीय पुत्री राजलक्ष्मी सिंह भी आकर्षण का केंद्र रहीं। उन्होंने संजय दत्त का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए हमें पहले खुद में बदलाव लाना होगा। उनके विचारों को लोगों ने खूब सराहा।
‘एनवायरनमेंट वॉरियर्स’ का सम्मान
पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले कई लोगों को सम्मानित किया गया। इनमें प्रमुख रूप से श्री सुनील चौधरी (प्रिंसिपल चीफ कंज़र्वेटर ऑफ फॉरेस्ट्स), डॉ. उत्कर्ष शुक्ला (डिप्टी डायरेक्टर, लखनऊ जू) और डॉ. पूजा सिंह (प्रेसिडेंट, आरडब्ल्यूए भगीरथी एन्क्लेव) शामिल रहे।
क्विज विजेताओं को मिला पुरस्कार

19 फरवरी को आयोजित पर्यावरण जागरूकता क्विज के विजेताओं को भी पुरस्कार दिए गए। प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार पचास हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार पच्चीस हजार रुपये प्रदान किए गए। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्रों को सम्मानित किया गया।
लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का संदेश
युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के लिए ‘डेमोक्रेसी चैंपियंस’ की घोषणा भी की गई। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं को इस सम्मान से नवाजा गया। इस कार्यक्रम ने सरोजनीनगर में पर्यावरण संरक्षण, युवाओं की भागीदारी और लोकतांत्रिक जागरूकता को नई दिशा देने का संदेश दिया। ‘नेट ज़ीरो सरोजनीनगर’ अभियान आने वाले समय में क्षेत्र को स्वच्छ और जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकता है।


Download Android App
Download iOS App




