लखनऊ-सुल्तानपुर रेलवे ट्रैक पर बड़ा हादसा, ट्रक और मालगाड़ी की हुई टक्कर

Summary :

लखनऊ-सुल्तानपुर रेलवे फाटक तोड़ते हुए ट्रक मालगाड़ी से टकराया, बड़ा हादसा

उत्तर प्रदेश में लखनऊ-सुल्तानपुर रेलवे ट्रैक पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ। निहालगढ़ के पास एक ट्रक रेलवे फाटक को तोड़ते हुए पटरी पर आ गया और ठीक उसी समय आ रही मालगाड़ी से टकरा गया। इस हादसे में मालगाड़ी का इंजन, ओएचई, इलेक्ट्रिक लाइन, पोल और बैरिकेडिंग क्षतिग्रस्त हो गए।

जानकारी के अनुसार, ट्रक करीब 100 मीटर तक मालगाड़ी के साथ घिसटता चला गया। हादसे में ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

IPL 2025: LSG टीम ने CM योगी से की मुलाकात, खेल भावना बनाए रखने का किया आग्रह

हादसे के बाद लखनऊ-सुल्तानपुर-वाराणसी रेलवे ट्रैक पूरी तरह से बाधित हो गया। ट्रैक पर गुजरने वाली सभी गाड़ियां जहां थीं, वहीं खड़ी हो गईं। रेलवे कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त रेलवे लाइन को ठीक करने और ट्रक को ट्रैक से हटाने का काम शुरू कर दिया है। मौके पर उत्तर रेलवे मंडल लखनऊ के अधिकारी और रेलवे सुरक्षा एवं संरक्षा टीम मौजूद है, जो यातायात बहाल करने के लिए काम कर रही है।

इस हादसे के कारण रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर दोनों तरफ भारी जाम लग गया। जाम को कम करने के लिए रूट को डायवर्ट किया गया। अयोध्या की तरफ से आने वाले वाहनों को रानीगंज से वारिसगंज के रास्ते लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर डायवर्ट किया गया। वहीं, रायबरेली, सुल्तानपुर और प्रतापगढ़ से अयोध्या धाम जाने वाले वाहनों को जगदीशपुर चौराहे और श्रीरामगंज चौराहे पर रोककर अन्य रास्तों से गुजरने दिया गया।

रेलवे और यातायात विभाग द्वारा ट्रैक की मरम्मत और सड़क पर जाम हटाने के प्रयास जारी हैं।

लखनऊ के डीआरएम एस.एम. शर्मा ने बताया कि रेलवे क्रॉसिंग फाटक पर एक ट्रक फंस गया था, तभी एक मालगाड़ी आ गई, जिससे उसकी टक्कर हो गई। ट्रक चालक की गलती है, वह बीच में आकर फंसा था। उन्होंने बताया कि इस घटना में रेलवे के किसी भी कर्मचारी को क्षति नहीं पहुंची है। हादसे की जांच चल रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.