अमेरिका के लॉस एंजिल्स की आग में अब तक 24 की मौत, 36,000 एकड़ जमीन राख

Summary :

लॉस एंजिल्स की आग से 12,000 से अधिक इमारतें प्रभावित

अमेरिका के सबसे अधिक आबादी वाले काउंटी लॉस एंजिल्स के जंगलों में लगी भीषण आग के कारण हालात और खराब होने की चेतावनी जारी की गई है। दरअसल, हवा की रफ्तार बढ़ने से आग के फैलने में तेजी आई है। फिलहाल ये 80 किमी/ घंटा की रफ्तार से चल रही है, जो अगले 12 घंटों में और बढ़ सकती है। आग से निपटने में अमेरिका की मदद के लिए मेक्सिको से फायरफाइटर्स पहुंचे हैं। आग के कारण स्कूल बंद हो गए हैं। इसके साथ ही शहर में आयोजित होने वाले कई कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। पिछले सप्ताह शुरू हुई आग से अब तक 24 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है जबकि 12,000 से अधिक इमारतों को नुकसान पहुंचा है। कई लोगों के लापता होने की आशंका है। आग से अब तक करीब 11.6 लाख करोड़ रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

लॉस एंजिल्स काउंटी के छह जंगलों की आग अभी भी जल रही है, जिससे लगभग 36,000 एकड़ जमीन राख हो गई है। इस आग ने पैलिसेड्स इलाके में अब तक 21,300 एकड़ से अधिक भूमि को जला दिया है और 5,300 से अधिक इमारतों को नुकसान पहुंचाया है। लॉस एंजिल्स के पूर्वी हिस्से में, ईटन कैन्यन और हाईलैंड पार्क में आग लगने से स्कूल और घर प्रभावित हुए है। दो प्राथमिक स्कूलों और पैलिसेड्स चार्टर हाई स्कूल के कुछ हिस्सों को नुकसान होने की रिपोर्ट है। ईटन की आग ने लगभग 14,000 एकड़ भूमि को नष्ट कर दिया है और 5,000 से अधिक इमारतों को भारी नुकसान हुआ है। इस बीच, मनोरंजन उद्योग आग, बिजली कटौती और जहरीली हवा से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस वजह से कई फिल्म और टीवी शूट रद्द कर दिए गए हैं। इसके साथ ही कई प्रीमियर और कार्यक्रम भी रद्द करने पड़े हैं। आग के कारण अंतरराज्यीय राजमार्ग 405 पर भी खतरा मंडरा रहा है जो इस क्षेत्र से होकर गुजरने वाला मुख्य यातायात मार्ग है।

अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने कहा कि लॉस एंजिल्स के जंगलों में लगी आग के बीच वह और उनका परिवार फिलहाल सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने आसपास हुई तबाही को देखकर दुखी हैं। एक्स पर उन्होंने एक अपडेट साझा किया और लिखा, मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं ऐसा दिन देखूंगी, जहां हमारे आस-पास के इलाकों में आग लग जाएगी। हाई अलर्ट पर रखा जाएगा। मैं हमारे आस-पास की तबाही को देखकर बहुत दुखी हूं और भगवान की आभारी हूं कि हम अभी सुरक्षित हैं। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन लोगों के साथ हैं जो सब कुछ छोड़ने को मजबूर हुए या आग में अपना सब कुछ खो चुके हैं। उम्मीद है स्थिति जल्द ही काबू में आ जाएगी। अग्निशमन विभाग, अग्निशामक कर्मियों और जान-माल बचाने में मदद करने वाले सभी लोगों का बहुत-बहुत धन्यवाद। सभी सुरक्षित रहें।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।