प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाकुंभ का हिस्सा बनने के लिए श्रद्धालुओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों में “अगर कोई कमी रही तो जनता-जनार्दन का भी क्षमाप्रार्थी हूं”।
समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि भूल-चूक सबसे होती है। उन्होंने पीएम मोदी के बयान को उनका बड़प्पन बताया।
अवधेश प्रसाद ने शुक्रवार को कहा कि संभल मस्जिद पर इलाहाबाद हाई कोर्ट के आदेश को देखा नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों एक-दूसरे की तारीफ करते हैं, लेकिन जब जनता तारीफ करे, तब माना जाता है। क्षमा तो कोई बड़ा दिल वाला ही मांगता है। यह उनका बड़प्पन है। इसके लिए धन्यवाद देता हूं।
उल्लेखनीय है कि महाकुंभ के समापन पर प्रधानमंत्री ने एक ब्लॉग लिखा है। उन्होंने ब्लॉग में लिखा, ”यह महाकुंभ एकता का महाकुंभ था, जहां 140 करोड़ देशवासियों की आस्था एक साथ, एक समय में, इस एक पर्व से आकर जुड़ गई थी। महाकुंभ के दृश्यों को देखकर, बहुत शुरू से ही मेरे मन में जो भाव जगे, वे पिछले 45 दिन में और अधिक पुष्ट हुए हैं। राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य को लेकर मेरी आस्था, अनेक गुना मजबूत हुई है। प्रयागराज में 140 करोड़ देशवासियों ने जिस तरह एकता के महाकुंभ को आज के विश्व की एक महान पहचान बना दिया, वह अद्भुत है।”
उन्होंने लिखा, ”मैं जानता हूं, इतना विशाल आयोजन आसान नहीं था। मैं प्रार्थना करता हूं, मां गंगा से, मां यमुना से, मां सरस्वती से… हे मां, हमारी आराधना में कुछ कमी रह गई हो तो क्षमा करिएगा। …श्रद्धालुओं की सेवा में भी अगर हमसे कुछ कमी रह गई हो, तो मैं जनता जनार्दन का भी क्षमाप्रार्थी हूं।”


Download Android App
Download iOS App



