महाकुंभ में मानवीय संवेदनाओं के साथ खिलवाड़: पल्लवी पटेल

Summary :

महाकुंभ प्रबंधन पर विधायक पल्लवी पटेल का गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र का मंगलवार को पहला दिन था। अपना दल (कमेरावादी) की विधायक पल्लवी पटेल ने राज्य की योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार ने महाकुंभ में प्रबंधन के नाम पर मानवीय संवेदनाओं के साथ खिलवाड़ किया है और इसका पाप स्वयं मां गंगा भी नहीं धुल पाएंगी। पल्लवी पटेल ने कहा, “आज जिस कालखंड में बजट सत्र की शुरुआत हुई है, उससे अच्छा वक्त नहीं हो सकता। देश का सबसे बड़ा राजनीतिक सूबा उत्तर प्रदेश है। यहां पर महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में महाकुंभ के दौरान बजट सत्र की शुरुआत अपने आप में आशीर्वाद प्राप्त करके होती है।

विधायक ने तंज कसते हुए आगे कहा कि महाकुंभ में देश-विदेश से लाखों-करोड़ों श्रद्धालु आ रहे हैं। उनकी तरफ से मैं सरकार से एक सवाल पूछती हूं। सरकार ने अपनी शाही दूरबीन से महाकुंभ में आने वाले 40 से 45 करोड़ श्रद्धालुओं का आंकड़ा पेश कर दिया, लेकिन वहीं जिन्होंने हादसे में अपने परिवार वालों को खोया है, उनके आंकड़े क्यों नहीं जारी किए गए?उन्होंने कहा, “सरकार हवा-हवाई बातें करने में बहुत सही है, लेकिन जहां पर सटीक व्यवस्था और मानव जाति की संवेदना और भावनाओं की बात आती है, वहां पर वह शून्य है। बार-बार वह इस बात को साबित भी करते आ रहे हैं। सरकार और सरकार को चलाने वाले लोगों ने प्रबंधन के नाम पर मानवीय संवेदनाओं और भावनाओं के साथ जो खिलवाड़ और पाप किया है, इस बार वह पाप स्वयं मां गंगा भी नहीं धो सकतीं।”

विधानसभा में सीएम योगी के मौलवी वाले बयान पर पल्लवी पटेल ने कहा, “यह भाजपा का दोहरा चरित्र है। जब वे मुख्य बिंदु से लोगों का ध्यान हटाना चाहते हैं, तब वे ऐसे निरर्थक शब्दों का प्रयोग करते हैं। महाकुंभ में हुए हादसे पर उन्हें बात नहीं करनी पड़े, इसलिए उन्होंने भाषा जैसे मुद्दे को यहां पर उठा दिया।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.