राघव चड्ढा को लंदन में ‘आइडियाज फॉर इंडिया’ में हिस्सा लेने का न्योता मिला

Summary :

आर्थिक विकास पर चर्चा के लिए राघव चड्ढा को लंदन का न्योता

आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा को लंदन में ‘आइडियाज फॉर इंडिया’ कॉन्फ्रेंस में भाग लेने का निमंत्रण मिला है। इस कॉन्फ्रेंस में वे भारत की रणनीतिक आजादी और वैश्विक भूमिका पर विचार साझा करेंगे। कॉन्फ्रेंस में भारत के आर्थिक विकास और उसकी भूमिका पर गहन चर्चा होगी।

आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद राघव चड्ढा को प्रतिष्ठित ‘आइडियाज फॉर इंडिया’ कॉन्फ्रेंस में आमंत्रित किया गया है। यह यूके के प्रसिद्ध थिंक टैंक ‘ब्रिज इंडिया’ द्वारा 30 मई को रॉयल लैंकेस्टर, लंदन में आयोजित की जाएगी। यह कॉन्फ्रेंस इंडिया वीक का प्रमुख हिस्सा है। इस कॉन्फ्रेंस में सांसद राघव चड्ढा बतौर स्पीकर शामिल होंगे। इस अहम कॉन्फ्रेंस में भारत के आर्थिक विकास और दुनिया में उसकी भूमिका पर गहरी चर्चा होगी। इसमें कई पॉलिसी मेकर्स और भारत के प्रतिष्ठित बिजनेसमैन शामिल होंगे। आप सांसद राघव चड्ढा लंदन में हो रही इस कॉन्फ्रेंस में एक खास चर्चा में हिस्सा लेंगे, जिसका नाम है, ‘भारत एक बहुध्रुवीय दुनिया में’। इस चर्चा में वे भारत की रणनीतिक आजादी, दुनिया में बढ़ते प्रभाव और भारत की ग्लोबल नॉर्थ और साउथ के बीच एक पुल यानी ब्रिज की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगे। साथ ही, वे भारत की हाल की उपलब्धियों, जिसमें ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की कामयाबी के अलावा डिफेंस और डिप्लोमेसी में मिली सफलताओं के अलावा तकनीक व युवा नेतृत्व के योगदान पर भी बात करेंगे।

सिक्किम के हर गांव से चैंपियन उभरेंगे, भारत बनेगा खेल महाशक्ति: PM मोदी

‘आइडियाज फॉर इंडिया’ कॉन्फ्रेंस के आमंत्रण पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद राघव चड्ढा ने कहा, ”मैं ब्रिज इंडिया और इंडिया वीक 2025 का हिस्सा बनकर बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। ‘आइडियाज फॉर इंडिया’ कॉन्फ्रेंस भारत के भविष्य को आकार देने का एक शानदार मंच है। मुझे खुशी होगी कि मैं इस आयोजन में अपने विचार साझा कर सकूं और भारत के विकास और उसकी वैश्विक भूमिका पर अपने विचार साझा करने के लिए उत्साहित हूं।”

उन्होंने कहा, ”दुनिया की अर्थव्यवस्था और राजनीतिक हालात बदल रहे हैं, और भारत विकास के एक बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। जब बाकी देश व्यापार और सप्लाई चेन को मजबूत करने के बारे में सोच रहे हैं, तब भारत और ब्रिटेन के पास अपने रिश्तों को और बेहतर करने का यह शानदार मौका है। खासकर यूके-भारत मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत का यह सही समय है। मैं ‘आइडियाज फॉर इंडिया 2025’ में अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ मिलकर यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि हम भारत के विकास के अगले कदम को कैसे बेहतर बना सकते हैं।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.