Raipur Airport IPL Live Screening: राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट प्रबंधन द्वारा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक नई पहल की गई है। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मैचों का लाइव प्रसारण 28 मार्च 2026 से एयरपोर्ट परिसर में शुरू किया गया है. इस पहल के तहत एयरपोर्ट बिल्डिंग में दो बड़े स्क्रीन स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से यात्रियों को आईपीएल मैचों का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा। इन स्क्रीन को ऐसे प्रमुख स्थानों पर लगाया गया है, जहां से अधिकतम यात्री आसानी से मैच का आनंद ले सकें।
रायपुर एयरपोर्ट बना स्टेडियम, लाइव आईपीएल का यात्री लेंगे मज़ा

यह सुविधा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए लाभकारी साबित होगी, जिन्हें अपनी उड़ानों के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ती है। अब वे अपने खाली समय को रोमांचक क्रिकेट मैचों का आनंद लेते हुए व्यतीत कर सकेंगे, जिससे उनका यात्रा अनुभव और भी सुखद एवं यादगार बनेगा। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, आईपीएल जैसे लोकप्रिय टूर्नामेंट की लाइव स्क्रीनिंग से एयरपोर्ट का माहौल अधिक जीवंत और आकर्षक बनेगा। यह पहल न केवल यात्रियों के मनोरंजन को बढ़ावा देगी, बल्कि एक सकारात्मक और उत्साहपूर्ण वातावरण भी निर्मित करेगी। खास बात यह है कि इस तरह की पहल संभवतः देश में पहली बार रायपुर एयरपोर्ट पर की जा रही है।
LIVE IPL से बदला एयरपोर्ट माहौल
उल्लेखनीय है कि आईपीएल देश-विदेश में अत्यंत लोकप्रिय क्रिकेट लीग है, जिसे करोड़ों दर्शक देखते हैं। ऐसे में एयरपोर्ट पर इसकी लाइव स्क्रीनिंग यात्रियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि यह व्यवस्था पूरे आईपीएल सीजन के दौरान जारी रहेगी, जिससे यात्रियों को लगातार लाइव मैच देखने की सुविधा मिलती रहेगी। यह पहल एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया की यात्री सुविधा, नवाचार और उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
रिपोर्ट: रायपुर,आनंद खरे/ पंजाब केसरी
यह भी पढ़ें: Rajasthan: भरतपुर में बेखौफ बदमाश का आतंक, लूट के दौरान ज्वेलर की गोली मारकर हत्या, आरोपी फरार





















