धार्मिक पर्यटन से मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मिल रहा प्रोत्साहन : सीएम मोहन यादव

Summary :

उज्जैन में पिछले साल आए 6 करोड़ से अधिक श्रद्धालु: मुख्यमंत्री

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि राज्य के आर्थिक विकास में धार्मिक पर्यटन का योगदान महत्वपूर्ण है और पिछले साल अकेले उज्जैन में छह करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं का आगमन हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आस्था, श्रद्धा और धार्मिक पर्यटन के लिए किए गए आग्रह के परिणामस्वरूप सभी धार्मिक पर्व और उत्सव उल्लास एवं उत्साह के साथ मनाए जा रहे हैं। महाकुंभ के क्रम में मध्य प्रदेश के चित्रकूट धाम, उज्जैन, ओरछा, दतिया जैसे धार्मिक स्थानों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पधार रहे हैं। उन्होंने बताया कि धार्मिक पर्यटन की इन गतिविधियों से राज्य की अर्थव्यवस्था को भी प्रोत्साहन मिला है। उज्जैन में ही पिछले साल छह करोड़ से अधिक श्रद्धालु आए। वहीं, 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बाबा महाकाल के दरबार में आगमन की संभावना है।

मोहन यादव ने बताया कि महाकाल लोक में श्रद्धालुओं के बढ़ रहे आवागमन को देखते हुए राज्य सरकार उनकी सुविधा के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इसी के अंतर्गत महाकाल लोक में आवागमन और दर्शन की सुगम व्यवस्था के लिए छह द्वार विकसित किए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और प्रदेश की क्षमता का उपयोग देश की अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। प्रदेश में आस्था, श्रद्धा से जुड़े कार्यों का भी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे हमें हमारी विरासत पर गर्व करने का अवसर मिले। राज्य सरकार द्वारा प्रदेशवासियों को विकास गतिविधियों की सौगात निरंतर जारी रहेगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.