Sarna Ethnic Resort: छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। जशपुर जिले स्थित सरना एथनिक रिसॉर्ट को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वर्ष 2025-26 का प्रतिष्ठित ग्रीन लीफ अवॉर्ड प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह सम्मान छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य को समारोहपूर्वक सौंपा। इस अवसर पर टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा भी मौजूद रहे। यह अवॉर्ड भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय एवं पर्यटन मंत्रालय द्वारा संचालित स्वच्छता ग्रीन लीफ रेटिंग के अंतर्गत दिया जाता है, जो देशभर में पर्यटन इकाइयों को स्वच्छता, सतत विकास और पर्यावरणीय जिम्मेदारी के लिए प्रोत्साहित करता है।
Chhattisgarh Tourism: सरना एथनिक रिसॉर्ट को ग्रीन लीफ अवॉर्ड से सम्मानित
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान राज्य की इको-टूरिज्म नीति और स्वच्छ पर्यटन संकल्प की बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अब प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ स्वच्छ और हरित पर्यटन स्थलों के लिए भी देशभर में पहचान बना रहा है।
ग्रीन लीफ अवॉर्ड उन होटलों, रिसॉर्ट्स और पर्यटन इकाइयों को दिया जाता है जो जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन, ऊर्जा दक्षता, स्वच्छता और पर्यावरण संतुलन के उच्चतम मानकों का पालन करती हैं। सरना एथनिक रिसॉर्ट ने इन सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर यह उपलब्धि हासिल की है।
इको-फ्रेंडली और प्रकृति आधारित पर्यटन को बढ़ावा
बीते वर्षों में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने इको-फ्रेंडली रिसॉर्ट्स, होमस्टे योजनाओं और प्रकृति आधारित पर्यटन को बढ़ावा देकर राज्य के पर्यटन मानचित्र को नई दिशा दी है। जशपुर का सरना एथनिक रिसॉर्ट स्थानीय संस्कृति, जैव विविधता संरक्षण और समुदाय सहभागिता का बेहतरीन उदाहरण बनकर उभरा है।इस सम्मान से न केवल जशपुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के पर्यटन को नई ऊर्जा मिलेगी और राज्य स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल पर्यटन गंतव्य के रूप में देशभर में और मजबूत पहचान बनाएगा।
रिपोर्ट- आनंद खरे





















