Sitapur School Inspection : सीतापुर, जनपद की शिक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए जिलाधिकारी डा0 राजागणपति आर0 पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। शनिवार को जिलाधिकारी ने हरगांव ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय ककराही कम्पोजिट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल में मिली भारी अव्यवस्थाओं और लापरवाही को देख डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी और प्रधानाध्यापिका समेत समस्त स्टाफ के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
रजिस्टर में बच्चे ज्यादा, मौके पर मिले कम

निरीक्षण के दौरान जब जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया, तो स्थिति चौंकाने वाली थी। पंजीकृत संख्या के मुकाबले मौके पर उपस्थित बच्चों की संख्या बेहद कम पाई गई। इतना ही नहीं, अधिकतर बच्चे बिना यूनिफॉर्म के स्कूल आए थे, जिस पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई। शिक्षकों की उपस्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली।
प्रधानाध्यापिका की बढ़ी मुश्किलें
पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद मास्टर रजिस्टर तैयार न करने पर डीएम ने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने इंचार्ज प्रधानाध्यापिका जाहिरा बानों को तत्काल ‘प्रतिकूल प्रविष्टि’ जारी करने के निर्देश दिए।
कक्षा-2 का बच्चा नहीं पढ़ सका किताब, गिरेगी गाज

शिक्षा की गुणवत्ता परखने के लिए डीएम खुद क्लास में पहुंचे। जब उन्होंने कक्षा-2 के एक छात्र से किताब पढ़वाई, तो बच्चा उसे सही से नहीं पढ़ सका। निपुण तालिका के दावों की पोल खुलते देख जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह को निर्देश दिए कि विद्यालय के सभी शिक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की जाए।
खाने की गुणवत्ता खराब, BEO भी नपे
सिर्फ क्लास ही नहीं, डीएम ने रसोई घर की भी जांच की। बच्चों को परोसे जाने वाले मिड-डे मील की गुणवत्ता बेहद खराब मिली। इस घोर लापरवाही को देखते हुए जिलाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी रमाकान्त मौर्य के खिलाफ भी प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने का आदेश देकर विभाग में खलबली मचा दी है।
यह भी पढ़ें – बरेली में 5 साल के बच्चे का शव तालाब में मिला, 3 महीन से था लापता, मौत के कारण की चल रही जांच


Download Android App
Download iOS App




