काबुल, 29 मार्च (आईएएनएस)। पूर्वी अफगानिस्तान के लघमन प्रांत में एक मिनी बस ने दो मोटर चालकों को टक्कर मार दी, जिसमें एक यात्री की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। प्रांतीय पुलिस कार्यालय ने रविवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी के मुताबिक, शनिवार दोपहर को प्रांतीय राजधानी मेहतरलाम में एक लापरवाह मिनी-बस चालक ने दो वाहनों को टक्कर मार दी। इनमें तीन पहियों वाला रिक्शा और एक मोटरसाइकिल शामिल था, जिससे एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई, पांच बच्चों और दो महिलाओं समेत 10 अन्य घायल हो गए।
बयान में कहा गया है कि सभी घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, और ड्राइवरों से सड़क दुर्घटनाओं से बचने के लिए गाड़ी चलाते समय ट्रैफिक नियमों का पालन करने को कहा गया है।
प्रांतीय पुलिस ऑफिस ने एक बयान में कहा कि 1 मार्च को भी, उत्तरी अफगानिस्तान के जौजजान प्रांत में एक हाईवे दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई थी और छह अन्य घायल हो गए थे।
यह घटना तब हुई जब जौजजान-सारी पुल हाईवे पर हदबख्शी इलाके में लापरवाही से गाड़ी चलाने की वजह से दो तेज रफ्तार गाड़ियों की टक्कर हो गई थी। दोनों ड्राइवरों और एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई थी और दो बच्चों समेत छह अन्य घायल हो गए थे।
पुलिस ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए पास के हॉस्पिटल ले जाया गया, साथ ही ड्राइवरों से आगे और हादसे रोकने के लिए ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया।
पाकिस्तान से सैन्य संघर्ष के कारण पहले से ही कई दिक्कतों का सामना कर रहे अफगानिस्तान में सड़क हादसे भी सिरदर्द बने हुए हैं। आए दिन ऐसी खबरें आती हैं और इनकी वजह अक्सर सड़कों की खराब हालत, लापरवाही से गाड़ी चलाना, और देश के मुश्किल इलाके और सीमित इंफ्रास्ट्रक्चर के बीच सुरक्षा के अपर्याप्त उपाय हैं।
31 जनवरी को भी बगलान प्रांत में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई थी। यह जानलेवा घटना तब हुई जब दुशी जिले के कला-ए-बदाय इलाके में दो तेज रफ्तार गाड़ियों की आपस में टक्कर हो गई थी।
–आईएएनएस
केआर/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



