BRICS सम्मेलन में अंतरिक्ष और डिजिटल तकनीक पर चर्चा, भारत ने दोहराई अपनी प्रतिबद्धता

Summary :

ब्राजील में ब्रिक्स के साथ भारत की डिजिटल संबंधों की चर्चा

ब्रिक्स सम्मेलन में भारत ने डिजिटल तकनीक और अंतरिक्ष में अपनी उपलब्धियों को साझा किया। संचार मंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी ने ब्राजील में आयोजित बैठक में डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर की सफलता को रेखांकित किया, जो वैश्विक मॉडल बन चुका है। भारत ने डिजिटल साझेदारी को मजबूत करने का आश्वासन दिया और ब्राजील के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।

भारत ने ब्राजील में आयोजित संचार मंत्रियों की बहुपक्षीय बैठक में ब्रिक्स देशों के साथ लंबे समय से चली आ रही कूटनीतिक साझेदारी को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है। केंद्रीय ग्रामीण विकास और संचार राज्य मंत्री चंद्रशेखर पेम्मासानी ने ब्राजील में 11वीं ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए आधार से यूपीआई तक की डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर (डीपीआई) की उपलब्धियों को रेखांकित किया, जो अब समावेशी तकनीकी विकास के लिए वैश्विक मॉडल बन चुका है। उन्होंने सोमवार को ब्रासीलिया में आयोजित बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चार प्रमुख क्षेत्रों, यूनिवर्सल और सार्थक कनेक्टिविटी, अंतरिक्ष और पर्यावरणीय स्थिरता और डिजिटल इकोसिस्टम में भारत की प्रगति को साझा किया। दरअसल, ब्रिक्स में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), इथियोपिया, ईरान, इंडोनेशिया और सऊदी अरब समेत 11 देश शामिल हैं।

PM मोदी ने बाढ़ की स्थिति पर असम, सिक्किम के CM से बात की, सहयोग का आश्वासन दिया

पेम्मासानी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “ब्राजील के साथ स्मार्ट और सुरक्षित भविष्य के लिए डिजिटल संबंधों को मजबूत करने हेतु उपयोगी द्विपक्षीय वार्ता हुई। इसके अलावा, स्वदेशी 4जी/5जी विकास, घरेलू विनिर्माण और 6जी, क्वांटम टेक्नोलॉजी, सैटकॉम में सहयोग पर चर्चा की। ब्राजील के 6 गीजाहर्ट ट्रायल, सैटकॉम जरूरतों, टेलीकॉम सुरक्षा और वैश्विक डीपीआई सहयोग पर भी बात हुई।”

उन्होंने ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक के दौरान दक्षिण अफ्रीका के समकक्ष मंत्री के साथ भी रचनात्मक बातचीत की और वैश्विक मंचों पर उनके निरंतर समर्थन की सराहना की। दोनों पक्षों ने डिजिटल डिवाइड को कम करने के लिए कौशल विकास, यूपीआई-आधारित कैशलेस भुगतान प्रणाली सहित डिजिटल बैंकिंग, और डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की। इसके साथ ही उन्होंने बहुपक्षीय प्लेटफार्मों पर अधिक सहयोग की संभावनाओं पर विचार किया और डिजिटल साझेदारी को मजबूत करने के लिए हर संभव समर्थन का आश्वासन दिया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.