केंद्र सरकार की तरफ से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका फायदा देश के गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को हो रहा है। प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना (पीएमबीजेपी) इसी में से एक है, जिससे कर्नाटक के निवासी भी लाभान्वित हो रहे हैं।
कर्नाटक के तुमकुरु में जन औषधि केंद्र पर लोगों को सस्ती दरों पर जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध हो रही हैं। यह गरीबों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। तुमकुरु के निवासियों ने योजना की तारीफ करते हुए पीएम मोदी को धन्यवाद दिया है।
ब्रांडेड दवाओं की तुलना में 50 प्रतिशत कम कीमत पर तुमकुरु में जन औषधि केंद्र जेनेरिक दवाइयां उपलब्ध करा रहा है। इससे स्वास्थ्य सेवा आम लोगों के लिए ज्यादा किफायती हो गई है। ग्राहकों ने इस पर खुशी जाहिर की। एक नियमित ग्राहक पाशा ने बताया कि यहां से दवा लेना फायदेमंद है।
लाभार्थी सैयद खान ने बताया, "अगर मैं निजी फार्मेसियों से दवाइयां खरीदता हूं, तो मुझे लगभग 600 से 700 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। लेकिन जन औषधि केंद्र पर मुझे वही दवाइयां अच्छे डिस्काउंट पर मिल जाती हैं। इसलिए मैं पैसे बचाने के लिए जन औषधि केंद्र से दवा लेना पसंद करता हूं।"
Anant Ambani ने पूरी की 180 किमी की पैदल यात्रा, भगवान कृष्ण को समर्पित
एक ऑटो चालक बाबू ने कहा, "मैं हमेशा ‘मोदी मेडिकल’ (जन औषधि केंद्र) से दवाइयां खरीदता हूं। केंद्र से दवा लेने के कारण मेरे परिवार के खर्चों में कमी आई है और वित्तीय बचत हो रही है।"
एक अन्य लाभार्थी ने बताया, "मैं पिछले चार साल से दिल की बीमारी से पीड़ित हूं। पहले मुझे हर साल दवाओं पर लगभग 6,000 रुपये खर्च करने पड़ते थे। लेकिन अब, जन औषधि केंद्र की बदौलत, मुझे वही दवाइयां मात्र 1,000 रुपये में मिल जाती हैं।"
उल्लेखनीय है कि जन औषधि केंद्र पर दवाइयां निजी मेडिकल स्टोर की तुलना में 50 से 90 प्रतिशत तक की छूट पर उपलब्ध हैं। उदाहरण के लिए, निजी फार्मेसियों में 1,500 रुपये की कीमत वाली दवाएं, इन केंद्रों पर सिर्फ 200 रुपये में उपलब्ध हैं।


Download Android App
Download iOS App



