UP Board Result 2026 : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं खत्म होने के बाद अब मूल्यांकन यानि नंबर देने की प्रक्रिया चालू हो गई है। बोर्ड ने कॉपियों की जांच 1 अप्रैल 2026 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा है। हालांकि कुछ केंद्रों पर ईद और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के कारण मूल्यांकन कार्य की रफ्तार थोड़ी प्रभावित हुई है। इसके बावजूद बोर्ड अप्रैल के अंत तक परिणाम जारी करने की तैयारी में जुटा हुआ है।
UP Board Result 2026: अप्रैल के अंत तक जारी हो सकता है रिजल्ट

बोर्ड की योजना के अनुसार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का रिजल्ट 20 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच कभी भी घोषित किया जा सकता है। परिणाम घोषित होने के बाद छात्र आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकेंगे। इसके अलावा अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी परिणाम उपलब्ध कराया जाएगा।
इस वर्ष मूल्यांकन प्रक्रिया में स्टेप मार्किंग प्रणाली लागू की गई है, जिससे छात्रों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। यदि कोई छात्र प्रश्न का अंतिम उत्तर सही नहीं दे पाता, लेकिन समाधान की प्रक्रिया सही लिखता है, तो उसे उस प्रक्रिया के आधार पर अंक दिए जाएंगे। यानी जितने सही स्टेप्स होंगे, उतने ही अंक मिलने की संभावना बढ़ेगी।
UPMSP Class 10 results 2026: सीबीएसई की तर्ज पर अपनाया गया नया तरीका
यूपी बोर्ड ने इस बार गणित और विज्ञान जैसे विषयों में सीबीएसई की तर्ज पर स्टेप मार्किंग व्यवस्था लागू की है। इसका उद्देश्य यह है कि छात्र यदि आंशिक रूप से सही उत्तर देते हैं, तो उन्हें भी अंक मिल सकें और उनके परिणाम बेहतर हो सकें। बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि वर्तनी और मात्राओं की सख्त जांच केवल हिंदी, अंग्रेजी और अन्य भाषा विषयों में ही की जाएगी।
इंटरनल नंबर अपलोड करने की समय सीमा तय
बोर्ड ने स्कूलों को छात्रों के आंतरिक अंक अपलोड करने के लिए 25 मार्च तक का अंतिम मौका दिया था। जानकारी के अनुसार अभी तक हजारों स्कूलों ने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की थी, जिससे करीब 9.56 लाख छात्रों के अंक लंबित थे। निर्धारित समय सीमा के बाद पोर्टल पर अंक अपलोड करने की सुविधा बंद कर दी जाएगी।


Download Android App
Download iOS App




