उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मतगणना की जा रही है । चुनाव आयोग के अनुसार, भाजपा उम्मीदवार चंद्रभानु पासवान अपने प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी के अजीत प्रसाद से आगे चल रहे हैं। बता दें कि निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना में 25 राउंड बचे हैं। पिछले साल फैजाबाद (अयोध्या) से लोकसभा चुनाव जीतने के बाद समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद द्वारा सीट खाली करने के बाद मिल्कीपुर में उपचुनाव की जरूरत पड़ी थी। 5 फरवरी को हुए चुनाव में इस निर्वाचन क्षेत्र में 57.13 प्रतिशत मतदान हुआ था।
निर्वाचन क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
मतगणना के दिन निर्वाचन क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। अयोध्या के डीएम चंद्र विजय सिंह ने बताया कि सुरक्षा पूरी है और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। बता दें कि अनुसूचित जाति आरक्षित निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव दोनों दलों के लिए महत्वपूर्ण है। 2022 के विधानसभा चुनाव में मिल्कीपुर में सपा के अवधेश प्रसाद ने भाजपा के मौजूदा विधायक गोरखनाथ को हराया था। अवधेश प्रसाद ने भाजपा के मौजूदा सांसद लल्लू सिंह को 54,567 मतों के अंतर से हराया था। यह भाजपा के लिए बड़ा झटका था, क्योंकि यह अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के कुछ ही महीने बाद हुआ था।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लगाया आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने मिल्कीपुर उपचुनाव में फर्जी मतदान के लिए आसपास के सभी जिलों से अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को बुलाया। उन्होंने कहा कि मिल्कीपुर उपचुनाव के बारे में मैंने सभी को आमंत्रित किया कि वे देखें कि भाजपा शासित राज्य में लोकतंत्र कैसे चल रहा है। भाजपा ने फर्जी मतदान के लिए अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर और अमेठी जैसे आसपास के सभी जिलों से अपने पार्टी कार्यकर्ताओं को बुलाया है। लेकिन अयोध्या पुलिस ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि मतदाताओं के नहीं, बल्कि बूथ एजेंटों के पहचान पत्र की जांच की जा रही है। साथ ही झूठे बयान न देने का भी आग्रह किया है।


Download Android App
Download iOS App




