भारत में कोरोना वायरस के नए मामलों में मामूली उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में दर्ज हुए 861 नए मरीजों के बाद देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,30,36,132 हो गई। वहीं, एक्टिव केस की संख्या घटकर 11,058 रह गई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में संक्रमण से मौत के छह और मामले सामने आने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,21,691 हो गई है। देश में कोविड-19 के एक्टिव केस की संख्या घटकर 11,058 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.03 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस की संख्या में 74 की कमी दर्ज की गई।
प्रधानमंत्री मोदी का जनता को चेतावनी – ‘बहरूपिया’ कोविड-19 अभी गया नहीं है, यह रूप बदल रहा है
मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.76 प्रतिशत है। गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।
देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे।


Download Android App
Download iOS App



