पिछले 24 घंटे में कोरोना महामारी के 40120 नए मामलों की हुई पुष्टि, 585 मरीजों ने गंवाई जान

Summary :

पिछले 24 घंटे में कोरोना के ​वायरस के 40,120 नए मामले आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,21,17,826 पर पहुंच गयी।

भारत में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का कहर अब भी बरकरार है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के ​वायरस के 40,120 नए मामले आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,21,17,826 पर पहुंच गयी जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 3,85,227 रह गयी जो 140 दिनों में सबसे कम है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शुक्रवार को सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, 585 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 4,30,254 हो गयी। भारत में कल कोरोना वायरस के लिए 19,70,495 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 48,94,70,779 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। अगर बात करें देश में जारी टीकाकरण अभियान की तो भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस की 57,31,574 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 52,95,82,956 हुआ।
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार हो गए। देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार, चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे।

Desk Team