Covid-19 : देश में पिछले 24 घंटे में 62480 नए केस, 73 दिनों बाद एक्टिव मामलों की संख्या आठ लाख से कम

Summary :

देश में कोरोना के मामलों में पिछले कुछ समय से कमी देखी जा रही है लेकिन वायरस का कहर अभी भी बरकरार है। संक्रमितों की तुलना में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या अधिक रहने से सक्रिय मामले लगातार घट रहे हैं।

देश में कोरोना के मामलों में पिछले कुछ समय से कमी देखी जा रही है लेकिन वायरस का कहर अभी भी बरकरार है। संक्रमितों की तुलना में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या अधिक रहने से सक्रिय मामले लगातार घट रहे हैं और 73 दिनों बाद अब यह संख्या आठ लाख से नीचे आ गयी है। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 62,480 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,97,62,793 हो गई।
वहीं, 1587 और लोगों की संक्रमण से मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 3,83,490 हो गई। पिछले 61 दिन में संक्रमण से मौत के ये सबसे कम मामले हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, देश में 73 दिन बाद कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या आठ लाख से कम हुई है और मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 96 प्रतिशत के पार पहुंच गई है।
देश में अभी 7,98,656 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 2.68 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 96.03 प्रतिशत हो गई है। आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 38,71,67,696 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 19,29,476 नमूनों की जांच बृहस्पतिवार को की गई। दैनिक संक्रमण दर 3.24 प्रतिशत है। पिछले 11 दिन से यह दर पांच प्रतिशत से कम बनी हुई है।
वहीं, संक्रमण की साप्ताहिक दर भी कम होकर 3.80 प्रतिशत हो गई है। संक्रमण मुक्त हुए लोगों की संख्या लगातार 36वें दिन संक्रमण के नए मामलों से अधिक रही। देश में अभी तक कुल 2,85,80,647 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। कोविड-19 से मत्यु दर 1.29 प्रतिशत है। देश में अभी तक कुल 26,89,60,399 लोगों को कोविड-19 रोधी टीके लग चुके हैं।
देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख से अधिक हो गई थी। वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख, 20 नवम्बर को 90 लाख के पार हो गए। देश में 19 दिसम्बर को ये मामले एक करोड़ के पार और चार मई को दो करोड़ के पार चले गए थे।
महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामले 3304 बढ़कर 143048 हो गये हैं। इसी दौरान राज्य में 5890 और मरीजों के स्वस्थ हाेने के बाद कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर 5685636 हो गयी है जबकि 636 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 116026 हो गया है।
केरल में इस दौरान सक्रिय मामले 1233 कम हुए हैं और इनकी संख्या अब 108993 रह गयी है तथा 13634 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोना को मात देने वालों की संख्या बढ़कर 2653207 हो गयी है जबकि 88 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या 11743 हो गयी है।

Desk Team