‘जब बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती है…’, राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर अधीर रंजन का ट्वीट

Summary :

कांग्रेस नेता ने पूर्व पीएम राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए ट्वीट किया ‘जब बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती हिलती है।’ हालांकि बाद में उन्होंने इसको लेकर सफाई भी दी।

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी अकसर अपने किसी न किसी बयान को लेकर चर्चा में बने रहते है। इस बार उन्होंने एक ऐसा ट्वीट किया, जिसे उन्होंने कुछ देर बाद हटा दिया। कांग्रेस नेता ने पूर्व पीएम राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें याद करते हुए ये ट्वीट किया था। हालांकि बाद में उन्होंने इसको लेकर सफाई भी दी।
अधीर रंजन ने अपने ट्वीट में लिखा, “जब एक बड़ा पेड़ गिर जाता है तो धरती हिलती है”। बता दें कि दिवंगत पीएम राजीव गांधी ने अपनी मां इंदिरा गांधी की हत्या के बाद ये बयान दिया था। 
Image
1984 सिख दंगों से जोड़ा गया था बयान
राजीव ने कहा था कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भारत की जनता को इतना क्रोध आया, इतना गुस्सा आया और कुछ दिन के लिए लोगों को लगा कि भारत हिल रहा है। जब भी कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है। राजीव के इस बयान को 1984 के सिख विरोधी दंगों से जोड़कर देखा गया था।


ट्वीट डिलीट करने के बाद सफाई देते हुए अधीर रंजन ने कहा, ‘मेरे नाम के साथ किए गए ट्वीट से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। मेरे और मेरी पार्टी के खिलाफ विरोधी ताकतों द्वारा एक दुर्भावनापूर्ण अभियान का प्रचार किया जा रहा है। इसलिए में इसका खंडन करता हूं।


कांग्रेस नेता के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग

अधीर रंजन के ट्वीट पर बीजेपी नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने नाराजगी जताई है। उन्होंने दिल्ली पुलिस से केस दर्ज करने की मांग की है। सिरसा ने लिखा- मैं दिल्ली पुलिस से केस दर्ज करने के लिए अनुरोध करता हूं. अधीर रंजन सिंह अपनी पोस्ट के जरिए सांप्रदायिक नफरत फैला रहे हैं और सिखों को निशाना बना रहे हैं. ऐसे नफरत फैलाने वालों को सोशल मीडिया पर रहने का कोई अधिकार नहीं है।

Desk Team