तीनों कृषि कानून रद्द लेकिन खत्म नहीं होगा ‘आंदोलन’, टिकैत बोले-उस दिन का करेंगे इंतजार जब………

Summary :

राकेश टिकैत ने प्रधानमंत्री के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदर्शन तत्काल नहीं रोका जाएगा बल्कि संसद में कृषि कानूनों के निरस्त होने के बाद ही खत्म किया जाएगा।

तीन कृषि कानूनों के रद्द होने के बाद बाद भी किसान आंदोलन खत्म नहीं होगा। एक साल से किसान आंदोलन की अगुवाई कर रहे भारतीय किसान यूनियन (BKU) के नेता राकेश टिकैत ने प्रधानमंत्री के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदर्शन तत्काल नहीं रोका जाएगा बल्कि संसद में कृषि कानूनों के निरस्त होने के बाद ही खत्म किया जाएगा।
पीएम मोदी के ऐलान के बाद बीकेयू नेता राकेश टिकैत ने ट्वीट किया, “आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। हम उस दिन का इंतजार करेंगे जब संसद में कृषि कानून को खत्म कर दिया जाएगा। सरकार को एमएसपी के अलावा किसानों के अन्य मुद्दों पर भी बात करनी चाहिए।”


किसान एकता मोर्चा ने कृषि कानूनों को वापस लेने को अपनी जीत बताया। किसान एकता मोर्चा ने ट्वीट कर कहा, 1 साल के लंबे इंतजार के बाद हम जीत गए। मोदी सरकार ने कृषि कानूनों को वापस लेने का ऐलान कर दिया। एकता और न्याय ही सफलता का रास्ता है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्र के नाम संबोधन में तीनों विवादास्पद कृषि कानूनों को रद्द करने की घोषणी की और कहा कि इसके लिए 29 नवंबर से शुरू हो रहे संसद सत्र में प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पीएम मोदी ने आंदोलन कर रहे किसानों से घर लौटने की अपील भी की।

Desk Team