किसान आंदोलन के सामने केंद्र ने मानी हार, राहुल गांधी बोले- अन्नदाता ने सत्याग्रह से झुकाया अहंकार का सिर

Summary :

राहुल गांधी ने तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के बाद कहा कि देश के अन्नदाताओं ने सत्याग्रह से अहंकार का सिर झुका दिया है।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के बाद शुक्रवार को कहा कि देश के अन्नदाताओं ने सत्याग्रह से अहंकार का सिर झुका दिया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘देश के अन्नदाता ने सत्याग्रह से अहंकार का सिर झुका दिया। अन्याय के खिलाफ़ ये जीत मुबारक हो! जय हिंद, जय हिंद का किसान!’’

कृषि कानूनों में राहुल ने किया किसानों का पुरजोर समर्थन 
राहुल गांधी ने कृषि कानूनों के खिलाफ कुछ महीने पहले पंजाब में निकाली गई अपनी एक यात्रा के दौरान दिए गए अपने उस बयान एक वीडियो भी साझा किया जिसमें उन्होंने दावा किया था कि केंद्र सरकार एक दिन ये कानून वापस लेने को मजबूर होगी। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले करीब एक वर्ष से अधिक समय से विवादों में घिरे 3 कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की घोषणा की है।
संसद के आगामी सत्र में विधेयक किया जाएगा पेश : मोदी  
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने का ऐलान कर दिया। इसके साथ ही आंदोलनकारी किसान समुदाय में जश्न की लहर दौड़ गई है। सम्पूर्ण विपक्ष केंद्र के इस बैकफुट को किसानों की जीत बता रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इसके लिए संसद के आगामी सत्र में विधेयक लाया जाएगा। तीनों कृषि कानूनों के विरोध में किसान आंदोलन कर रहे थे। 

Desk Team