एयर इंडिया ने 30 अप्रैल तक कुवैत की सारी उड़ानें रद्द करने का और स्पेन, फ्रांस एवं श्रीलंका समेत विभिन्न देशों के लिए अपनी सेवाएं सीमित करने का निर्णय लिया है ।
यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब एक दिन पहले ही उसने कोरोना वायरस महामारी के आलोक में रोम, मिलान और सियोल की अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित करने की घोषणा की थी। इस महामारी के चलते विभिन्न देश यात्रा पाबंदियां लगा रहे हैं।
एयरलाइन के एक अधिकारी ने बताया कि कुवैत जाने-आने वाली सारी उड़ानें 30 अप्रैल तक के लिए रद्द कर दी गयी हैं। इसके अलावा सियोल (दक्षिण कोरिया), रोम और मिलान (इटली) के लिए वर्तमान पाबंदी भी 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दी गयी है।
उड़ानों की संशोधित समय सारणी के अनुसार एयर इंडिया 30 अप्रैल तक दिल्ली -मैड्रिड मार्ग पर तीन के बजाय केवल दो उड़ानों का संचालन करेगी।
अधिकारी ने कहा कि 17 मार्च और 28 अप्रैल के बीच तीसरी उड़ान स्थगित रहेगी।
बुधवार को सरकार ने 13 मार्च से लेकर 15 अप्रैल तक सभी वीजा निलंबित करने का निर्णय लिया था। राजनयिक और रोजगार जैसी कुछ श्रेणियां उसका अपवाद रहेंगी।


Download Android App
Download iOS App



