नयी दिल्ली : कांग्रेस ने यौन शोषण के आरोपों से घिरे एमजे अकबर के विदेश राज्य मंत्री पद से इस्तीफा दिए जाने को ‘सच की ताकत की जीत’ करार दिया और कहा कि वह उन महिलाओं को सलाम करती है जिन्होंने आवाज उठाई थी। पार्टी प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, ‘‘अकबर के खिलाफ कई वरिष्ठ महिला पत्रकारों ने गंभीर आरोप लगाए थे जो उनके साथ काम कर चुकी हैं। उनका इस्तीफा सच की ताकत की अभिपुष्टि और जीत है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन महिलाओं को सलाम करती हूं जो सत्ता के अहंकार के सामने डट कर खड़ी रहीं। ’’ प्रियंका ने आरोप लगाया कि धमकाना और डराना मोदी सरकार में आवाज दबाने का जरिया बन चुका है। यौन शोषण के आरोपों में घिरे विदेश राज्य मंत्री अकबर ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। एक बयान में अकबर ने कहा है ‘‘चूंकि मैंने निजी तौर पर कानून की अदालत में न्याय पाने का फैसला किया है, इसलिए मुझे यह उचित लगा कि मैं अपने पद से इस्तीफा दे दूं।’’


Download Android App
Download iOS App



