‘अमर जवान ज्योति’ को युद्ध स्मारक ले जाने के फैसले का अखिलेश ने किया विरोध, देशवासियों से की ये अपील

Summary :

अखिलेश यादव ने दिल्ली में इंडिया गेट पर प्रज्वलित ‘अमर जवान ज्योति’ को नवनिर्मित युद्ध स्मारक पर स्थानांतरित किए जाने के मोदी सरकार के फैसले के जवाब में देशवासियों से की अपील।

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिल्ली में इंडिया गेट पर प्रज्वलित ‘अमर जवान ज्योति’ को नवनिर्मित युद्ध स्मारक पर स्थानांतरित किए जाने के मोदी सरकार के फैसले के जवाब में गणतंत्र दिवस पर देशवासियों से अपने स्तर पर एक ज्योति जलाने की अपील की है। अखिलेश ने रविवार को सोशल मीडिया के माध्यम से अपील करते हुए कहा, ‘‘अमर जवान ज्योति’ की स्मृति में इस बार 26 जनवरी को हम सब अपने-अपने स्तर पर एक ज्योति जलाएं और मिलकर देश के लिए एक आवाज उठाएं।’’ 
26 जनवरी को संकल्प उठाएंगे, अमर जवान ज्योति फिर से जलाएंगे :अखिलेश 
अखिलेश ने मोदी सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘26 जनवरी को संकल्प उठाएंगे, अमर जवान ज्योति फिर से जलाएंगे। जिनका नाम देश के इतिहास में नहीं होता, वही इतिहास बदलना चाहते हैं। जय हिंद।’’ उल्लेखनीय है कि भारत पाकिस्तान युद्ध के शहीदों की याद में दिल्ली में इंडिया गेट पर स्थित अमर जवान ज्योति को केंद्र सरकार ने इंडिया गेट के पास ही निर्मित युद्ध स्मारक पर स्थानांतरित करने का फैसला किया है। विपक्षी दल इसका विरोध कर रहे हैं।
अखिलेश ने दी नेताजी सुभाषचंद्र बोस को श्रद्धांजलि 
इस दौरान अखिलेश ने देश के स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस की रविवार को 125वीं जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘भारत की आजादी के संघर्ष के क्रांतिकारी नायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस जी की जन्म जयंती पर सादर नमन एवं विनम्र श्रद्धांजलि।’’ गौरतलब है कि नेताजी सुभाष चंद्रबोस का जन्म 23 जनवरी 1897 में कटक में हुआ था। उन्होंने देश की आजादी की लड़ाई में बहुत अहम योगदान दिया था।

मायावती ने कांग्रेस को बताया ‘वोटकटवा’, बोलीं- पार्टी इतनी खस्ताहाल कि प्रियंका ने बदला CM बनने का इरादा

Desk Team