कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने राज्यों से सतर्क और कोविड-19 प्रबंधन के लिए तैयार रहने को कहा है। मांडविया ने कोविड-19 से जुड़ी स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक की और राज्यों को संक्रमण के अधिक मामलों वाले स्थानों की पहचान करने, जांच बढ़ाने, बुनियादी ढांचा तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्रियों और प्रमुख एवं अतिरिक्त मुख्य सचिवों के साथ ऑनलाइन तरीके से आयोजित हुई बैठक में मांडविया ने टीकाकरण में तेजी लाने को भी कहा। जीनोम अनुक्रमण और पॉजिटिव नमूनों के पूरे जीनोम अनुक्रमण को बढ़ाने के साथ-साथ, उन्होंने कोविड-उपयुक्त व्यवहार का पालन करने के बारे में जागरूकता पैदा करने पर भी जोर दिया।
मांडविया ने कहा कि केंद्र और राज्यों को सहयोग की भावना से काम करना जारी रखने की जरूरत है, जैसा कि पिछली बार कोविड-19 की रोकथाम और प्रबंधन के दौरान किया गया था। उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्रियों से 10 और 11 अप्रैल को सभी अस्पतालों के बुनियादी ढांचे के संबंध में ‘मॉक ड्रिल’ करने और आठ तथा नौ अप्रैल को जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य तैयारियों की समीक्षा करने का भी आग्रह किया।


Download Android App
Download iOS App



