भारतीय जनता पार्टी के नेता अमित मालवीय ने बुधवार को दावा किया कि अमेठी की नगर पंचायतों और नगरपालिकाओं के चुनाव में कांग्रेस को उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश के इस संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘मोहब्बत की दुकान’ लगाने वाले कांग्रेस नेता की अमेठी में इज्जत ‘नीलाम’ हो रही है।
मालवीय ने एक ट्वीट में कहा, ‘कांग्रेस का अमेठी में हाल इतना खराब है कि अमेठी नगर पंचायत, मुसाफिर खाना नगर पंचायत, जायस नगरपालिका और गौरीगंज नगरपालिका में होने वाले स्थानीय चुनावों के लिए प्रत्याशी नहीं मिल रहे।’
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘मोहब्बत की दुकान लगाने वाले राहुल गांधी, कर्नाटक छोड़िए, अमेठी में आपकी इज्जत नीलाम हो रही है।’
मालूम हो कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने की अवसरों पर कहा था कि वह नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान लगाने निकले हैं।
प्रदेश में निकाय चुनाव के दूसरे चरण में अमेठी जिले में 11 मई को मतदान होगा। इसके लिए 17 अप्रैल को नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हुई है। 24 अप्रैल को नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। 25 अप्रैल को नामांकन की समीक्षा की जाएगी। उम्मीदवार 27 अप्रैल को अपना नाम वापस ले सकते हैं। इसके बाद 28 अप्रैल को उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी करके चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। मतगणना 13 मई को होगी।
वर्तमान में अमेठी में दो नगर पालिका सीटें गौरीगंज व जायस के साथ दो नगर पंचायतें अमेठी व मुसाफिरखाना हैं। पिछले चुनाव में गौरीगंज नगरपालिका सीट पर समाजवादी पार्टी उम्मीदवार ने जीत हासिल की थी जबकि जायस सीट पर भाजपा ने बाजी मारी थी। अमेठी की नगर पंचायत सीट पर भाजपा की चंद्रमा देवी जीती थीं। इसके अलावा मुसाफिरखाना नगर पंचायत पर निर्दलीय प्रत्याशी पुरुषोत्तम दास ने जीत हासिल की थी।


Download Android App
Download iOS App



