भाजपा का कांग्रेस पर वार, सुधांशु त्रिवेदी बोले- एबीजी UPA के कार्यकाल में हुए घोटालों की सूची में एक और मामला

Summary :

भारतीय जनता पार्टी ने एबीजी शिपयार्ड से जुड़े बैंक धोखाधड़ी मामले को लेकर बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह घोटाला उस समय हुआ जब संप्रग (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) सत्ता में था।

केंद्र की सत्ता में बैठी भारतीय जनता पार्टी ने एबीजी शिपयार्ड से जुड़े बैंक धोखाधड़ी मामले को लेकर बुधवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह घोटाला उस समय हुआ जब संप्रग (संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन) सत्ता में था। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि मौजूदा सरकार ने अपराध का पता लगाया और उस पर कार्रवाई की। 
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीत सरकार में ‘सबसे बड़ी बैंक धोखाधड़ी’ बताकर खुद ही पार्टी का पर्दाफाश किया है, क्योंकि जांच में पता चला है कि पूरा घोटाला संप्रग सरकार के कार्यकाल में हुआ था। 
कंपनी के प्रवर्तकों के कांग्रेस अध्यक्ष के पूर्व राजनीतिक सलाहकार के साथ करीबी संबंध  
त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि यह कांग्रेस के कार्यकाल में हुए घोटालों की सूची में एक और मामला है। उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, कांग्रेस को हमें बताना चाहिए कि इस सबसे बड़े घोटाले में उसकी क्या भूमिका थी? ऐसा माना जाता है कि कंपनी के प्रवर्तकों के कांग्रेस अध्यक्ष के पूर्व राजनीतिक सलाहकार के साथ करीबी संबंध थे। 
भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, सीबीआई रिपोर्ट का दिया हवाला  
भाजपा प्रवक्ता ने सीबीआई रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि 22,000 करोड़ रुपये का घोटाला 2012 में शुरू हुआ था और मार्च 2014 में सप्रग सरकार के अंतिम दिनों में कंपनी के ऋण का पुनर्गठन किया गया था। उन्होंने कहा कि एक ऑडिट रिपोर्ट में 2016 में गड़बड़ियों का खुलासा किया और भाजपा सरकार ने इसके खिलाफ कार्रवाई की। 
सीबीआई ने जारी किया लुकआउट नोटिस 
सीबीआई ने मंगलवार को कहा था कि उसने 22,842 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी मामले में एबीजी शिपयार्ड के पूर्व अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक ऋषि कमलेश अग्रवाल तथा आठ अन्य लोगों के खिलाफ ‘लुकआउट नोटिस’ जारी किया है।मोदी के खिलाफ सुरजेवाला के तीखे शब्दों पर कटाक्ष करते हुए त्रिवेदी ने सवाल किया कि क्या यही निंदा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी पर भी लागू होती है।

Desk Team