J&K में गैर-कश्मीरियों पर लगातार हो रहे हमलों के बीच आर्मी चीफ नरवणे पहुंचे जम्मू, सुरक्षा स्थिति का लेंगे जाएजा

Summary :

भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए जम्मू क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान ‘व्हाइट नाइट कोर’ के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) उन्हें सुरक्षा स्थिति और अभियानगत तैयारियों के बारे में जानकारी देंगे।

जम्मू-कश्मीर में गैर-कश्मीरी अब आतंकियों के निशाने पर आ गए है। पिछले कुछ दिनों से यह मामला काफी गंभीर बन गया है। भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए जम्मू क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान ‘व्हाइट नाइट कोर’ के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) उन्हें सुरक्षा स्थिति और अभियानगत तैयारियों के बारे में जानकारी देंगे।
भारतीय सेना ने सोमवार को ट्विटर पर कहा
भारतीय सेना ने सोमवार को ट्विटर पर कहा, ‘‘सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे जम्मू क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर हैं और व्हाइट नाइट कोर के जीओसी सुरक्षा स्थिति और अभियानगत तैयारियों के बारे में उन्हें जानकारी देंगे।’’ उसने कहा, ‘‘सेना प्रमुख अग्रिम इलाकों का दौरा करेंगे और सैनिकों तथा कमांडरों से बातचीत करेंगे।’’

कुलगाम में हुई थी दो गैर-स्थानीय मजदूरों की हत्या
गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में रविवार को आतंकवादियों ने दो गैर-स्थानीय मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी थी और एक अन्य को घायल कर दिया था। जम्मू कश्मीर में 24 घंटे से भी कम समय में गैर-स्थानीय मजदूरों पर यह तीसरा हमला था। बिहार के एक रेहड़ी-पटरी वाले और उत्तर प्रदेश के एक बढ़ई की शनिवार शाम को आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इससे पहले शनिवार शाम को आतंकियों ने बिहार के एक गोलगप्पे वाले और उत्तर प्रदेश के एक कारपेंटर की भी हत्या कर दी थी। नागरिकों की हत्या के बीच जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को वादा किया की आतंकियों और उनके समर्थकों को ढेर कर के नागरिकों के बहे खून के कतरे-कतरे का बदला लिया जाएगा।

Desk Team