रेसलर खली आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। खली ने दिल्ली स्थित बीजेपी दफ्तर में पार्टी की सदस्यता हासिल की। खली हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं। उनका असली नाम दलीप सिंह राणा है। बीजेपी ज्वाइन करने के बाद खली ने पीएम मोदी की तारीफ की। द ग्रेट खली ने कहा कि बीजेपी ज्वाइन करके उनको अच्छा लग रहा है। वह बोले कि शायद ही कोई ऐसा देश बचा होगा जहां मैंने रेसलिंग नहीं की हो। पैसे कमाने होते तो अमेरिका में ही रहता। लेकिन मैं भारत आया क्योंकि देश के प्रति मेरे अंदर प्यार है।
अटकलें लगाई जा रही थी कि आप को ज्वाइन कर सकते थे खली
इसके बाद सियासी अटकलों का बाजार गर्म हो गया था। अटकलें लगाई जा रही थी कि पंजाब चुनाव से पहले वह आम आदमी पार्टी का दामन थाम सकते हैं। हालांकि गुरुवार को उन्होंने भाजपा का हाथ थाम लिया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने फेसबुक पर मुलाकात का फोटो शेयर करते हुए लिखा था कि द ग्रेट खली को दिल्ली में बिजली-पानी, स्कूल और अस्पताल में किया गया काम काफी पसंद आया। उन्होंने यह भी लिखा कि अब यह काम पंजाब में भी करना होगा। हम सब मिलकर पंजाब को बदलेंगे।
सिरमौर के रहने वाले हैं खली
द ग्रेट खली जिला सिरमौर के नैनीधार के रहने वाले हैं। डब्ल्यूडब्ल्यूई की रिंग से लौटने के बाद लंबे समय से वह पंजाब में ही रह रहे हैं। पंजाब में खली की जबरदस्त फैनफॉलोइंग है। हालांकि केजरीवाल से मुलाकात के बाद खली ने कहा था कि फिलहाल अभी कुछ ऐसा विचार नहीं है।
कृषि कानूनों का किया था विरोध
रेसलर दिलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली कृषि कानूनों का विरोध भी कर चुके हैं। किसान आंदोलन के समय उन्होंने कहा था कि किसान देश की रीढ़ की हड्डी हैं। वह देश के हर किसान के साथ खड़े हैं। सरकार की गलत नीतियों के चलते किसान सड़कों पर आ रहे हैं। किसानों पर जबरन कोई अध्यादेश थोपे गए तो ऐसे ही धरने-प्रदर्शन होंगे। दिलीप सिंह राणा ने कहा था कि किसान का बेटा हूं। किसानों के संघर्ष और जज्बातों को अच्छी तरह से समझ सकता हूं। केंद्र सरकार सोच समझकर कोई फैसला ले।


Download Android App
Download iOS App



