Agnipath Scheme : UP में बेअसर ‘भारत बंद’, बिहार में बंद समर्थक भी हैं सड़कों से गायब

Summary :

अग्निपथ योजना के खिलाफ देशभर में विभिन्न संगठनों द्वारा ‘भारत बंद’ बुलाया गया है, लेकिन हैरानी वाली बात है कि बीते चार दिनों तक विरोध प्रदर्शन में डूबे रहे बिहार में इस बंद का कोई असर नहीं दिखाई दिया।

अग्निपथ योजना के खिलाफ देशभर में विभिन्न संगठनों द्वारा ‘भारत बंद’ बुलाया गया है, लेकिन हैरानी वाली बात है कि बीते चार दिनों तक विरोध प्रदर्शन में डूबे रहे बिहार में इस बंद का कोई असर नहीं दिखाई दिया। इतना ही नहीं बंद का समर्थन करने वाले तक सड़कों से गायब हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में भी ‘भारत बंद’ कोई खास असर नहीं दिख रहा।
बिहार में सड़कों से गायब ‘भारत बंद’ समर्थक
बिहार में बीते दिनों अग्निपथ योजना को लेकर हुए भारी विरोध प्रदर्शन के बाद आज राज्य में भारत बंद के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। लेकिन सभी संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर पुलिस की बड़ी संख्या में मौजूदगी के कारण बंद समर्थक भी सड़कों पर नहीं उतरे हैं। 
सिर्फ वामपंथी छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कार्यकर्ता पटना में प्रदर्शन कर रहे हैं। सड़कों पर आवागमन सामान्य है। कार्यालय और दुकानें रोजाना की तरहभी खुली हुई है। राज्य में एहतियात के तौर पर ट्रेनों को रात्रि आठ बजे से सुबह चार बजे तक ही चलाने के निर्णय के कारण रेल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 
उपद्रवियों के खिलाफ जारी है कार्रवाई
राज्य के 22 जिलों में इंटरनेट सेवा पर लगी रोक को अगले 12 घंटे तक के लिए बढ़ दिया गया है। उधर पुलिस भी अब काफी मुस्तैदी से काम कर रही है। तोड़फोड़-आगजनी से संबंधित सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया में पोस्ट के आधार पर दोषियों की पहचान, प्राथमिकी तथा उपद्रवियों के फोटो पोस्टर जारी किए जाने और उनकी गिरफ्तारी की चल रही कार्रवाई के कारण पिछले चार दिनों तक उत्पात मचाने वाले प्रदर्शनकारी अब सड़क पर कहीं नजर नहीं आ रहे हैं।
UP में बेअसर ‘भारत बंद’,
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद मण्डल मे भारत बंद बेअसर रहा और सडकों पर यातायात सामान्य रहा है। किसी बड़े राजनीतिक दल ने भारत बंद का समर्थन नहीं किया है। नागरिक पुलिस के साथ ही राजकीय रेलवे पुलिस,रे लवे सुरक्षा बल से लेकर खुफिया एजेंसी अलर्ट पर है। मुरादाबाद मण्डल के बिजनौर, रामपुर, सम्भल तथा अमरोहा में भारत बंद के समर्थन का ऐलान ही नहीं किया था। बावजूद इसके ट्रेन निरस्त होने से लोगों को सफर करने में परेशानी उठानी पड़ रही है। यात्रियों को बसों से जाना पड़ रहा है।
सेना में भर्ती के लिए सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर जगह-जगह प्रदर्शनकारियों द्वारा ट्रेनों में आग लगाने की घटना ने कई ट्रेनों के पहिये जरूर थाम दिए हैं। परिचालन कारणों से उत्तर रेलवे,मुरादाबाद मण्डल से प्रारंभ होने वाली एवं गुजरने वाली 30 रेलगाड़ियां को रद्द कर दिया गया है। 

Desk Team