इंदौर : चाबी वाले खिलौना घोड़े से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की तंज भरी तुलना करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार को दावा किया कि वह अपने सलाहकारों के कहे मुताबिक इन दिनों धार्मिक अवतार में नजर आ रहे हैं। विजयवर्गीय ने यहां संवाददाताओं से कहा, राहुल कांग्रेस के युवराज हैं। अब युवराज तो अपने सलाहकारों के कहे मुताबिक ही काम करते हैं। लिहाजा कांग्रेस अध्यक्ष अपने सलाहकारों के कहने पर कभी किसी मूर्ति के आगे दंडवत करते हैं, तो कभी जनेऊ पहन लेते हैं। ठीक उसी तरह, जिस तरह कोई खिलौना घोड़ा चाबी भरने पर चल पड़ता है और चाबी खत्म होने पर रुक जाता है।
उन्होंने कहा, खिलौना घोड़ा उतना ही चल सकता है, जितनी उसकी चाबी की क्षमता होती है। गौरतलब है कि प्रदेश के चुनावी दौरों में राहुल धार्मिक वेश-भूषा में अलग-अलग मंदिरों में दर्शन-पूजन कर रहे हैं. पिछली बार वह 29 अक्टूबर को उज्जैन के महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में भगवान शिव के इस स्वरूप की पूजा करते नजर आये थे ।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह के भाई संजय सिंह मसानी शनिवार को सत्तारूढ़ भाजपा को झटका देते हुए कांग्रेस में शामिल हो गये । इस बारे में प्रतिक्रिया मांगे जाने पर विजयवर्गीय ने मीडिया से प्रतिप्रश्न करते हुए कहा, कौन हैं यह संजय सिंह मसानी? उनके कांग्रेस में शामिल में होने में खबर वाली कौन-सी बात है? भाजपा महासचिव ने कहा, किसी भी व्यक्ति के रिश्तेदार को अपनी इच्छा के मुताबिक सियासी पार्टी चुनने का पूरा हक है। सूबे की 230 सीटों पर 28 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं ।


Download Android App
Download iOS App



