भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को यहां कांग्रेस मुख्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने को लेकर कांग्रेस नेता मुदित अग्रवाल को निलंबित करने की मांग की।
वहीं दूसरी ओर, दिल्ली कांग्रेस के उपाध्यक्ष अग्रवाल ने भाजपा पर मोदी के खिलाफ उनकी ”व्यंग्यात्मक टिप्पणी” पर नाटक करने का आरोप लगाया।
धरने का नेतृत्व भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष योगिता सिंह ने किया।
महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक शब्द बोलना कांग्रेस की पुरानी आदत
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा, ”महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक शब्द बोलना कांग्रेस की पुरानी आदत है। प्रधानमंत्री तथा सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी की मां के बारे में ऐसी भाषा में बात करने वाले को कभी माफ नहीं किया जा सकता। उन्हें तुरंत पार्टी से निलंबित कर दिया जाना चाहिए।”
सिंह ने आरोप लगाया कि एक न्यूज चैनल पर बहस के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता ने ‘मां’ शब्द का इस्तेमाल अपमानजनक तरीके से किया।
यह टिप्पणी मोदी के खिलाफ थी, न कि उनकी मां के खिलाफ – कांग्रेस
वहीं, आरोपों का जवाब देते हुए अग्रवाल ने कहा, ”बहस के दौरान भाजपा प्रवक्ता, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के बारे में बुरी बातें कह रहे थे। मैंने कहा कि जब मोदी जी अपनी मां से मिलने जाते हैं तो वह अपने साथ कैमरा लेकर जाते हैं और प्रचार पाने के लिए अपनी मां को भी कतार में खड़ा कर देते हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह टिप्पणी मोदी के खिलाफ थी, न कि उनकी मां के खिलाफ।


Download Android App
Download iOS App



